June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘तनाव से गुजर रही दुनिया के लिए योग संतुलन पाने का पॉज बटन’, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम मोदी बोले- आंतरिक शांति बने वैश्विक नीति

विशाखापट्टनम। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर पीएम नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन और ईरान-इजरायल  समेत सभी देशों को बड़ा संदेश दिया है। विशाखापट्टनम में शनिवार को पीएम मोदी ने योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। मोदी ने कहा कि कितनी ही जगह अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। पीएम मोदी ने कहा कि योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। योग ऐसा पॉज बटन है, जिससे मानवता को संतुलन की सांस लेने और फिर से नियंत्रण पाने की जरूरत है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव दिया, तो बहुत कम वक्त में 175 देशों ने इसका समर्थन किया था। मोदी ने कहा कि आज की दुनिया में ऐसा समर्थन सामान्य घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ प्रस्ताव का समर्थन ही नहीं था, मानवता की भलाई के लिए दुनिया ने सामूहिक तौर पर कोशिश की थी। पीएम मोदी ने कहा कि दुनियाभर में योग के प्रसार के लिए भारत योग के विज्ञान को आधुनिक रिसर्च से और मजबूत कर रहा है। पीएम ने कहा कि देश के बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा में जगह मिले।

पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी का आह्वान किया कि मिलकर योग को जन आंदोलन बनाएं। मोदी ने कहा कि ऐसा जन आंदोलन हो, जो दुनिया को शांति, स्वास्थ्य और समरसता की तरफ ले जाए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति दिन की शुरुआत योग से कर जीवन में संतुलन पाए। जहां हर समाज योग से जुड़कर तनाव को खत्म कर सके। पीएम ने कहा कि ऐसा जन आंदोलन हो कि योग मानवता को एक सूत्र में पिरोने का भी माध्यम बने। जहां ‘योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ का नारा दुनिया का वैश्विक संकल्प बन जाए। पीएम मोदी ने दुनियाभर से आग्रह किया कि वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मानवता के लिए योग की शुरुआत के तौर पर मनाएं। ये वो दिन हो, जब आंतरिक शांति दुनिया की नीति बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *