June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नीरज चोपड़ा ने जर्मनी के जूलियन वेबर को हराकर पेरिस डायमंड लीग का खिताब जीता

नई दिल्ली। ओलंपिक पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग का खिताब जीता। नीरज ने 88.16 मीटर भाला फेंक कर खिताब अपने नाम किया। इस डायमंड लीग में नीरज ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी रहे जर्मनी के जूलियन वेबर को हराया। वेबर ने 87.88 मीटर का थ्रो किया और वो दूसरे स्थान पर रहे। जबकि ब्राजील के लुईज मौरिसियो दा सिल्वा ने 86.62 मीटर के साथ तीसरा स्थान अर्जित किया। नीरज पिछले दो डायमंड लीग टूर्नामेंटों में जूलियन वेबर से हारते आ रहे थे, मगर इस बार उन्होंने बाजी मार ली।

इस डायमंड लीग प्रतिस्पर्धा में पांच ऐसे खिलाड़ियों ने भाग लिया जो 90 मीटर की दूरी तय भाला फेंक चुके हैं लेकिन आज कोई भी 90 मीटर का थ्रो नहीं कर सका। वहीं खिताब जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपने प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि मैं अपने थ्रो से खुश हूं, मेरा रन अप तेज था हालांकि मैं अपनी गति पर नियंत्रण नहीं रख सकता, लेकिन पहले स्थान पर आकर मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है।

नीरज के आज के सभी थ्रो के बारे में बात करें तो पहला प्रयास में उन्होंने 88.16 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद दूसरे प्रयास में वो सिर्फ 85.10 मीटर तक ही भाला फेंक सके। इसके बाद लगातार तीन बार तीसरे, चौथे और पांचवें प्रयास में नीरज ने फाउल कर दिया। जबकि छठा प्रयास में वो सिर्फ 82.89 मीटर का ही थ्रो कर सके।

इस प्रतिस्पर्धा में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वाल्कॉट ने 81.66 मीटर थ्रो किया और वो चौथे नंबर पर आए। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने 80.29 मीटर थ्रो का थ्रो किया जिसके कारण वो 5वें स्थान पर रहे। वहीं केन्‍या के जूलियस येगो ने 80.26 मीटर थ्रो करके छठा स्थान अर्जित किया। चोपड़ा को अब 24 जून को ओस्ट्रावा (गोल्डन स्पाइक एथलेटिक मीट) में भाग लेना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *