June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जहन्नुम का टिकट दे दिया जाएगा, देश की सुरक्षा को चुनौती देने वालों को योगी आदित्यनाथ की दो टूक

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज ‘गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे’ का आजमगढ़ में लोकार्पण किया। योगी ने समाजवादी पार्टी को जमकर घेरा और यादव परिवार को भी लपेटे में लिया। योगी ने सपा नेताओं के डी कंपनी से पार्टनरशिप का आरोप लगाया। सीएम बोले, वो लोग विकास नहीं करते थे वो तो मुंबई की डी कंपनी को पालते थे, दाउद गिरोह को पालते थे, उनके साथ मिलकर बंटरबाट करते थे, सुरक्षा में सेंध लगाते थे, कोई आतंकी घटना होती थी बदनाम आजमगढ़ होता था। आजमगढ़ के सामने पहचान का संकट खड़ा था। सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि आज ऐसा नहीं है, देश की सुरक्षा पर जो संकट खड़ा करेगा तो आजमगढ़ की पहचान पर संकट नहीं आएगा, बल्कि संकट पैदा करने वाले को पहले ही जहन्नुम का टिकट दे दिया जाएगा। देश की सुरक्षा पर कोई खिलवाड़ नहीं, यह नया भारत है।

सपा नेतृत्व पर निशाना साधते हुए योगी बोले, जिन्होंने अपने परिवार की चिंता की, अपनी जाति की भी चिंता नहीं की सिर्फ परिवार की चिंता की, उन्होंने पूर्वांचल के लोगों को बेवकूफ बनाया। मुख्यमंत्री को आप लोगों ने आजमगढ़ से भेजा था लेकिन वो यहां एक यूनिवर्सिटी भी नहीं दे पाए, एक्सप्रेस वे भी नहीं दे पाए। ये वही लोग हैं जो आपको गुमराह करने के लिए फिर से आपके पास आए हैं। सीएम ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में यह डबल इंजन की बीजेपी सरकार के प्रयासों का ही परिणाम है कि नए भारत का नया उत्तर प्रदेश ‘एक्सप्रेस-वे प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान बना रहा है। योगी बोले, जब हम वर्ष 2017 में सत्ता में आए थे तो प्रदेश में ‘डेढ़ एक्सप्रेस-वे’ थे। एक यमुना एक्सप्रेस-वे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे जिसका काम आधा हुआ था, आधे काम को तो हमने पूरा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की प्रक्रिया के साथ जुड़ने के लिए जातिवाद से ऊपर उठना पड़ेगा, संप्रदायवाद से ऊपर उठना पड़ेगा, विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर आगे बढ़ना पड़ेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का यही भाव है, जिसमें सबकी भागीदारी हो, कोई भेदभाव न हो। योगी आदित्यनाथ ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को इतना मजबूत कर देंगे कि यूपी को समृद्ध होने से कोई रोक नहीं सकता है, कोई वंचित नहीं कर सकता है, यही तो ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान है। सीएम ने कहा, जब गति होगी तो प्रगति होगी, प्रगति होगी तो समृद्धि होगी और समृद्धि होगी तो हर चेहरे पर खुशहाली भी होगी, इसी खुशहाली के साथ आपको जोड़ने के लिए हम लोग आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *