अमेरिका के बाद चीन ने भी पहलगाम आतंकी हमला मामले में पाकिस्तान को दिया झटका
बीजिंग। पहलगाम आतंकी हमला मामले में अमेरिका के बाद अब पाकिस्तान को उसके पुराने दोस्त चीन ने भी झटका दिया है। चीन ने कहा है कि वो 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने पहलगाम में आतंकी हमला मामले में शामिल आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) को अमेरिका की ओर से वैश्विक आतंकी संगठन घोषित करने पर पूछे गए सवाल पर ये बात कही। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनका देश सभी तरह के आतंकवाद का मजबूती से विरोध करता है। उन्होंने कहा कि चीन सभी देशों से आतंकवाद विरोधी सहयोग बढ़ाने और संयुक्त रूप से क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने का आह्वान करता है।
भारत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के मसले पर चीन का ये बयान काफी अहम है। इसकी वजह ये है कि चीन पहले मौलाना मसूद अजहर और हाफिज सईद जैसे आतंकियों को वैश्विक स्तर का दहशतगर्द घोषित करने में रोड़ा अटकाता रहा है। पहलगाम आतंकी हमला मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से जब प्रस्ताव पास हुआ था, उस वक्त पाकिस्तान और चीन के दबाव में उसमें से टीआरएफ का नाम हटा दिया गया था। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पहलगाम हमले के जिम्मेदार टीआरएफ को वैश्विक आतंकी संगठन घोषित करने की जानकारी दी थी। रूबियो ने इस बारे में बयान जारी कर कहा था कि अमेरिका की कार्रवाई राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के न्याय संबंधी रुख पर अमल की प्रतिबद्धता दिखाती है। अमेरिका इससे पहले दाऊद इब्राहिम, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे कई पाकिस्तान परस्त आतंकी संगठनों और लोगों को वैश्विक आतंकी घोषित करवाने में भारत की मदद कर चुका है।
पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 की दोपहर को आतंकियों ने पर्यटकों के ग्रुप पर हमला बोला था। आतंकियों ने हिंदू होने की पहचान कर 26 पर्यटकों की हत्या की थी। इस घटना के वक्त अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अपने परिवार के साथ भारत के दौरे पर आए थे। पहलगाम हमले की जांच कर रही एनआईए के मुताबिक पर्यटकों पर पाकिस्तान से आए हुए आतंकियों ने हमला किया था। हमलावरों की पहचान भी एनआईए ने की है। इनमें से एक सुलेमान है। माना जा रहा है कि सुलेमान पाकिस्तान की सेना के स्पेशल फोर्सेज में रहा है। अब भी सुरक्षाबल पहलगाम हमले के आतंकियों की तलाश कर रहे हैं। इन आतंकियों के दो मददगारों को एनआईए ने पहलगाम से गिरफ्तार भी किया है।
