उद्धव ठाकरे को झटका देने वाली है बीजेपी!, महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन का दावा
सोलापुर। देश की राजनीति में बड़ा उलटफेर हो सकता है। इसका दावा महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने किया है। गिरीश महाजन ने रविवार को पंढरपुर में भगवान विट्ठल के दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत की। गिरीश महाजन ने कहा कि बीजेपी के सांसदों की संख्या बढ़ेगी। महाराष्ट्र के मंत्री ने कहा कि पहले विपक्ष के चार सांसद हमारे संपर्क में थे। तीन और के भी अब जुड़ने की संभावना उन्होंने जताई। गिरीश महाजन ने दावा किया कि बीजेपी में आने के लिए तैयार ज्यादातर सांसद उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना-यूबीटी के हैं।
गिरीश महाजन पहले भी दावा कर चुके हैं कि उद्धव ठाकरे की पार्टी से चुने गए सांसद बीजेपी में आना चाहते हैं। संसद के मॉनसून सत्र से पहले गिरीश महाजन ने फिर यही दावा किया है। हालांकि, उन्होंने समयसीमा नहीं बताई। गिरीश महाजन ने ये भी कहा कि ठाकरे ब्रांड प्रासंगिकता खो चुका है। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे शिवसेना के असली नेता थे, लेकिन 2019 में उद्धव ठाकरे ने जब कांग्रेस से हाथ मिलाया, तो हालात बदल गए। बालासाहेब की विचारधारा त्यागने से ठाकरे ब्रांड का अस्तित्व समाप्त हो गया। इससे पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी उद्धव ठाकरे पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि जब लोग उनकी पार्टी छोड़ रहे, उस वक्त भी कुछ लोग जश्न मना रहे हैं।
गिरीश महाजन और एकनाथ शिंदे के बयानों से पहले महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी उद्धव ठाकरे को फिर साथ आने का ऑफर दिया था। फडणवीस के इस ऑफर के बाद उनसे उद्धव ठाकरे ने काफी देर तक बंद कमरे में मुलाकात भी की थी। फिर उद्धव ठाकरे ने विपक्ष के गठबंधन पर सवाल भी खड़े किए थे। इसी के बाद अटकलों ने जोर पकड़ा कि उद्धव ठाकरे एक बार फिर बीजेपी का दामन थाम सकते हैं। महाराष्ट्र विधानसभा में उद्धव ठाकरे के 20 विधायक हैं। जबकि, संसद में उद्धव की पार्टी के सांसदों की संख्या 9 है। इनमें से अगर कुछ टूटकर बीजेपी के साथ जाते हैं, तो उद्धव के साथ ही विपक्ष के गठबंधन को भी तगड़ा झटका लगेगा।
