April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार के चंदन मिश्रा हत्याकांड में दो और आरोपी गिरफ्तार, आरा में एनकाउंटर के दौरान हुए घायल

पटना। बिहार पुलिस ने चंदन मिश्रा हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा है। बिहार पुलिस के मुताबिक भोजपुर के आरा में मंगलवार सुबह पुलिस की बलवंत कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह नाम के दो शूटर्स से मुठभेड़ हुई। दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस ने भी गोली से जवाब दिया। पुलिस की गोली से बलवंत और रवि रंजन घायल हुए। उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बिहार पुलिस के मुताबिक चंदन मिश्रा की पारस हॉस्पिटल में हुई हत्या में बलवंत कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह भी शामिल थे। दोनों के पास से हथियार भी मिले हैं।

बिहार एसटीएफ ने पटना पुलिस के साथ साझा ऑपरेशन में चंदन मिश्रा की हत्या के आरोपी तौसीफ समेत 5 शूटर्स को कोलकाता से गिरफ्तार किया था। इसके अलावा इनके मददगार भी दबोचे गए थे। अब तक चंदन मिश्रा हत्याकांड के सिलसिले में 10 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। चंदन मिश्रा की गुरुवार सुबह पटना के पारस अस्पताल में हत्या की गई थी। इस मामले में पश्चिम बंगाल की जेल में कैद शेरू सिंह का नाम आया था। जानकारी के मुताबिक शेरू सिंह और चंदन मिश्रा मिलकर अपराध करते थे। किसी मामले की वजह से चंदन मिश्रा और शेरू सिंह के बीच विवाद हो गया था।

बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले पटना समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में ताबड़तोड़ हत्या की घटनाओं के कारण सियासत भी गर्माई थी। पटना में सबसे पहले मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या हुई थी। उसके बाद इंजीनियर, टीचर समेत कई जगह लोगों की बदमाशों ने जान ली थी। इसकी वजह से आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की सरकार पर सवाल खड़े किए थे। एनडीए के घटक एलजेपी (आर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी बिहार की कानून और व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। सियासत के गर्माने से बिहार पुलिस एक्टिव हुई और उसने गोपाल खेमका और चंदन मिश्रा की हत्या का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *