सभी स्कूलों में लगाए जाएं हाई रेजोल्यूशन ऑडियो-विजुअल सीसीटीवी कैमरे, सीबीएसई ने जारी किया निर्देश
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लेते हुए सभी सम्बद्ध स्कूलों को निर्देश जारी किया है कि विद्यालय परिसर में हाई रेजोल्यूशन ऑडियो-विजुअल सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। CBSE की ओर से निर्देश में कहा गया है कि सभी स्कूलों को उनके जितने भी एंट्री और एग्जिट गेट हैं, सीढ़ियों, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कॉरिडोर, कैंटीन, स्टोर रूम, खेल के मैदान और अन्य कॉमन एरिया में हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरा लगवाना होगा। स्कूल परिसर में हर तरफ सीसीटीवी कैमरे होंगे तो सभी की गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। इससे छात्र छात्राओं के मन में भी उनकी सुरक्षा को लेकर विश्वास जगेगा।
हालांकि प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए टॉयलेट्स और वॉशरूम्स को सीसीटीवी कैमरों के दायरे से बाहर रखा गया है। सभी सीसीटीवी कैमरों में ऑडियो और विजुअल रिकॉर्डिंग की सुविधा होगी तथा कैमरे रियल टाइम में रिकॉर्डिंग करेंगे। सीबीएसई ने स्कूलों से यह भी कहा है कि सभी सीसीटीवी कैमरों की कम से कम 15 दिनों की रिकार्डिंग का बैकअप जरूर रखना होगा। ऐसा इसलिए है कि अगर किसी प्रकार की कोई घटना स्कूल परिसर में होती है तो फुटेज के द्वारा जांच की जा सके।
सीबीएसई का कहना है कि राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) की स्टूडेंट्स की सुरक्षा और संरक्षा से जुड़ी गाइडलाइंस के अनुरूप ही यह कदम उठाया गया है। बोर्ड ने कहा कि छात्र और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण देना स्कूलों की पहली जिम्मेदारी है। इसके साथ ही टीचर्स और अन्य कर्मचारियों को भी इससे सुरक्षा की भावना आएगी। हाल ही में सीबीएसई ने स्कूलों में ‘ऑयल बोर्ड’ लगाने का निर्देश दिया था ताकि बच्चों को यह बताया जा सके कि वे किस प्रकार के खाने में कितना खाने का इस्तेमाल किया गया है। इससे बच्चे अपनी सेहत के प्रति सजग होंगे और खाने पीने की चीजों के हेल्दी ऑप्शन चुन सकेंगे।
