…तो अमेरिका फिर से करेगा हमला, ईरान के विदेश मंत्री के बयान पर डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी है। ट्रंप ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर ईरान ने फिर से परमाणु संयंत्र शुरू किए या परमाणु बम बनाने की कोशिश की तो अमेरिका हमला करने से कतराएगा नहीं। दरअसल अब्बास अराघची ने हाल ही में एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिकी हमले में ईरान के परमाणु संयंत्रों को अत्यधिक क्षति पहुंची है, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम जारी रखेगा।
डोनाल्ड ट्रंप ने अराघची के इसी बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही ट्रंप ने मीडिया खासतौर से सीएनएन को भी सुनाया, जिसने अपनी खबर में दावा किया था कि अमेरिकी हमले में ईरान के परमाणु संयंत्रों को कुछ भी नुकसान नहीं हुआ है। आपको बता दें अमेरिकी राष्ट्रपति इस बात का शुरू से दावा कर रहे हैं कि अमेरिका ने ईरान के परमाणु संयंत्रों को तबाह कर दिया है। अब पहली बार ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने भी इस बात को माना है कि उनके परमाणु संयंत्रों अमेरिकी हमले में बर्बाद हुए।
आपको बता दें कि बीते दिनों इजरायल ने ईरान के परमाणु संयंत्रों को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया था। जवाब में ईरान ने इजरायल पर अटैक किया था। अमेरिका ने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कराने का प्रयास किया और साथ ही ईरान पर दबाव बनाया कि वो अमेरिका के साथ परमाणु संधि कर ले। जब ईरान ने अमेरिका की बात नहीं सुनी तो डोनाल्ड ट्रंप खुलकर इजरायल के समर्थन में आ गए और अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु ठिकानों नितांज, इस्फ्हान और फोर्डो पर मिसाइल दाग दी थीं। हालांकि इसके बाद ईरान ने भी जवाबी हमला करते हुए कतर में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला किया था।
