April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

फिर महंगा हो गया सोना, प्रति 10 ग्राम 100453 रुपए पहुंच गया

नई दिल्ली। सोना एक बार फिर महंगा हो गया है। एमसीएक्स पर बुधवार को सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 100453 रुपए पहुंच गया। वहीं, चांदी की कीमत भी बढ़ी है। चांदी प्रति किलोग्राम 116000 रुपए हो गई है। सोने के कीमत की बात करें, तो बीते 2 दिन में ही एमसीएक्स पर इसकी कीमत में 2000 रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है। इस वजह से बाजार में भी सोने की कीमत बढ़ी है। इस साल 1 जनवरी को 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 78957 रुपए थी। उसके बाद से ही सोने ने लगातार उछाल लगाई है।

इस साल अब तक सोने की कीमत में करीब 21500 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। ऐसे में जिन्होंने भी जनवरी 2025 में सोने में निवेश किया, उनको जबरदस्त रिटर्न मिला है। चांदी का भी यही हाल है। इस साल 1 जनवरी को एक किलोग्राम चांदी की कीमत 93000 रुपए थी। चांदी में अब तक 23000 रुपए प्रति किलो का मुनाफा निवेशकों को हो चुका है। इस बीच, ये खबर भी है कि सरकार ने अब बाजार में बिकने वाले 9 कैरेट सोने के आभूषणों का भी हॉलमार्क करना जरूरी कर दिया है। सोने के जेवर खरीदने वालों को किसी तरह की गड़बड़ी से बचाने के लिए सरकार ने 9 कैरेट सोने की हॉलमार्किंग का फैसला किया है।

सोने और चांदी की कीमत में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ोतरी हो रही है। रूस और यूक्रेन के बीच चार साल से ज्यादा वक्त से जंग चल रही है। साथ ही यूरोपीय देशों और अमेरिका की अर्थव्यवस्था भी डांवाडोल है। इसी वजह से देशी और विदेशी निवेशक सोना खरीदने में पैसा लगा रहे हैं। बीच में इजरायल और हमास और फिर ईरान से जंग भी हुई। इससे भी सोने में पैसा लगाने के लिए निवेशक उमड़ पड़े।

डॉलर की कीमत में गिरावट की वजह से भी सोने में काफी निवेश हुआ। इन्हीं सब वजहों से सोने की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। बाजार के जानकारों का मानना है कि इस साल दिसंबर तक 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1.25 लाख तक भी जा सकती है। आने वाले दिनों में त्योहार और शादी का सीजन शुरू होगा। उस वक्त सोना और चांदी की कीमत में बढ़ोतरी होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *