April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित करने के मामले में कई ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ULLU, ALTT, देसीफ्लिक्स, बिग शॉट्स और ऐसे ही कुछ अन्य ओटीटी ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया है। अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट प्रसारित करने के मामले में कुल 25 वेबसाइट के खिलाफ एक्शन लिया गया है। मंत्रालय ने ALTT, ULLU, बिग शॉट्स ऐप, देसीफ्लिक्स, बूमेक्स, नवरसा लाइट, गुलाब ऐप, कंगन ऐप, बुल ऐप, जलवा ऐप, वाव एंटरटेनमेंट, लुक एंटरटेनमेंट, हिटप्राइम, फेनेओ, शोएक्स, सोल टॉकीज, अड्डा टीवी, हॉटएक्स वीआईपी, हलचल ऐप, मूडएक्स, नियोनएक्स वीआईपी, फुगी, मोजफ्लिक्स, ट्राइफ्लिक्स को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 और 67ए, भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 294 तथा महिलाओं का अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा 4 सहित विभिन्न कानूनों का उल्लंघन करते हुए चिन्हित किया है।

केंद्र सरकार ने इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाली कंपनियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा है कि इन ऐप्स और वेबसाइटों तक किसी प्रकार से सार्वजनिक पहुंच न हो। मतलब कोई भी इंटरनेट यूजर इन प्रतिबंधित ऐप्स को न खोल सके। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के निदेशक (डीएस-II) को भी सूचित किया है कि वे आईएसपी द्वारा अनुपालन को सुगम बनाएं। मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि यह कार्रवाई डिजिटल सामग्री नियमों को लागू करने और भारतीय कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

आपको बता दें कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से इस तरह की कार्रवाई पहली बार नहीं की गई है। इससे पहले भी सरकार के द्वारा पिछले साल मार्च में ड्रीम्स फिल्म्स, वूवी येस्मा, अनकट अड्डा समेत 18 OTT ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया गया था जो साफ्ट पोर्न, एडल्ट और वल्गर कंटेंट का प्रसारण कर रहे थे। सरकार ने इन ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को बैन करने के अलावा इनके सोशल मीडिया हैंडल्स को भी ब्लॉक कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *