June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारत के साथ व्यापार वार्ता से डोनाल्ड ट्रंप का इनकार, बोले जब तक टैरिफ विवाद जारी, नहीं होगी बात

नई दिल्ली। भारत पर 50 फीसदी का टैरिफ थोपने के बाद अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा है कि जब तक भारत के साथ टैरिफ का मुद्दा हल नहीं हो जाता तब तक व्यापार को लेकर कोई बातचीत नहीं होगी। एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एएनआई के पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया कि क्या भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने की घोषणा के बाद वो व्यापार वार्ता को आगे बढ़ने की उम्मीद करते हैं? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, जब तक हम इसे हल नहीं कर लेते बात नहीं होगी।

ट्रंप ने भारत समेत कई अन्य देशों पर तगड़ा टैरिफ लगाया हुआ है। भारत की तरह ही ब्राजील पर भी ट्रंप ने भारी भरकम 50 फीसदी टैरिफ लगाया है। इस वजह से ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा भी ट्रंप से नाराज हैं। हाल ही जब ट्रंप ने यह कहा था कि सिल्वा मुझसे इस मुद्दे पर बातचीत कर सकते हैं तो ब्राजील के राष्ट्रपति ने उनके इस ऑफर को ठुकरा दिया था। लूला दा सिल्वा ने कहा था कि वो इस मामले में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करेंगे, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी बात करेंगे लेकिन ट्रंप को फोन नहीं करेंगे। चीन और रूस भी ट्रंप के टैरिफ की निंदा कर चुके हैं।

चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने बिना नाम लिए अमेरिका और ट्रंप पर निशाना साधते हुए कल ही कहा था कि धमकाने वाले को एक इंच जमीन दे दो, तो वह एक मील ले लेगा। वहीं रूस के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा था कि हर देश को अपने व्यापारिक साझेदार चुनने और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने का अधिकार है। किसी दूसरे देशों को रूस के साथ व्यापार करने से रोकना पूरी तरह से गैरकानूनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *