April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूपी के बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, चलती रोडवेज बस पर गिरा पेड़, 5 लोगों की मौत

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के बीच यात्रियों से भरी यूपी रोडवेज की चलती बस पर भारी भरकम पेड़ गिर पड़ा। इस दुर्घटना में बस में सवार 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कुछ अन्य घायल घायल हो गए हैं। रोडवेज बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी तभी हरख चौराहे के राजा बाजार क्षेत्र के पास यह घटना हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

जैसे ही हादसे की सूचना मिली तत्काल पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और बस के अंदर फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के काम में जुट गए। क्रेन की मदद से पेड़ को हटवाया गया और उसके बाद एक एक करके यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। हालांकि तेज बारिश के चलते बचाव कार्य में दिक्कत आई। 5 मृतकों में 4 महिलाएं हैं, हादसे के समय बस में 40 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से पेड़ की जड़ें कमजोर पड़ गई थीं और इसी कारण आज अचानक वो गिर पड़ा। पेड़ इतना बड़ा था कि उसने सड़क से गुजर रही बस को अपनी चपेट में ले लिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पूनिया ने भी इस घटना पर शोक जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, तेज बारिश के कारण बस पर पेड़ गिरने से कई यात्रियों की मृत्यु एवं गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *