April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

इजरायल के सुरक्षा मंत्रिमंडल ने गाजा में कब्जे की योजना को दे दी मंजूरी

नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की गाजा में कब्जे की योजना को उनके देश के सुरक्षा मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। इजरायल और हमास में जारी युद्ध के बीच यह एक बहुत बड़ा कदम माना जा रहा है। नेतन्याहू ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि इजरायल अब पूरे गाजा पर कब्जा करेगा। हालांकि इसको लेकर नेतन्याहू और इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) के चीफ इयाल जमीर के बीच दो दिन पहले जोरदार बहस हो गई थी। मगर अब सुरक्षा मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इजरायली सेना गाजा को कब्जे में लेने के लिए अभियान तेज करेगी।

इससे पहले नेतन्याहू की योजना पर से आईडीएफ चीफ इयाल जमीर ने असहमति जताई थी। जमीर ने कहा था कि इससे इजरायली सैनिक थक जाएंगे, और यह हमारे लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इतना ही नहीं इजरायल के इस कदम से हमास के द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की जान को खतरा होने का अंदेशा भी आईडीएफ चीफ ने जताया था। इयाल जमीर ने राय दी थी कि गाजा पट्टी पर एक साथ कब्जा करने से बेहतर यह होगा कि गाजा शहर और अन्य इलाकों की घेराबंदी की जाए और उसके बाद धीरे-धीरे क्षेत्र पर कब्जा करना शुरू किया जाए।

गौरतलब है कि मौजूदा समय में इजरायली सेना का गाजा पट्टी के लगभग 75 फीसदी हिस्से पर कब्जा है और इजरायली पीएम अब पूरे गाजा को अपने नियंत्रण में लेना चाहते हैं। बता दें कि 7 अक्टूबर 2023 को हमास ने इजरायल पर हमला किया था जिसमें 12 सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और 251 लोगों को बंधक बना लिया था, उसके बाद से ही इजरायल और हमास के बीच युद्ध जारी है। इस युद्ध में अब तक बहुत से लोगों की जान जा चुकी है और काफी तबाही भी हुई है। हालांकि बीच में कुछ समय के लिए युद्ध विराम हुआ था मगर बाद में वो रद्द हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *