April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस ने की नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग, ईवीएम पर उठाया सवाल

नई दिल्ली। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (एमएनएस) ने भी नगर निकाय चुनाव को बैलेट पेपर से कराने की मांग उठाई है। एमएनएस के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में महाराष्ट्र के चुनाव आयुक्त से मुलाकात की और उनको अपनी मांगों की सूची सौंपी। इसमें ईवीएम पर सवाल उठाते हुए वीवीपैट के इस्तेमाल की मांग की गई है। महाराष्ट्र में विपक्षी दल भी काफी समय से नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग उठा रहे हैं। एमएनएस के नेता शिरीष सावंत ने मतदाता सूची में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया और चुनाव आयोग से इस पर गंभीरता से ध्यान देने को कहा।

एमएनएस नेता ने कहा, चुनाव पूरी तरह पारदर्शी होने चाहिए ताकि किसी को भी परिणाम पर शक न हो और यही हमारी मुख्य मांग है। वहीं मनसे के ही एक अन्य नेता बाला नंदगांवकर ने सरकार से सवाल उठाया कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के एक साथ होने के बावजूद अगर सरकार को लगता है कि वो सत्ता में वापसी करेगी तो बैलेट पेपर से चुनाव कराने में किस बात की परेशानी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनता को ऐसा प्रतीत होता है कि लोकतंत्र खतरे में है। आपको बता दें कि लगभग 20 साल बाद ठाकरे परिवार एकजुट होता दिख रहा है।

महाराष्ट्र सरकार द्वारा हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में लागू करने के सरकारी प्रस्ताव को वापस लेने के बाद, 5 जुलाई को शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस ने मुंबई के वर्ली डोम मराठी विजय रैली का आयोजन किया इसमें राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक साथ एक मंच पर नजर आए थे। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा भी था कि हम मिलकर रहने के लिए साथ आए हैं। अभी हाल ही में राहुल गांधी द्वारा बुलाई गई इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक में राज ठाकरे शामिल होने के पत्रकारों के सवाल पर उद्धव ने कहा था कि हम दोनों भाई काफी सक्षम हैं। हमें जो करना होगा, हम करेंगे। किसी तीसरे व्यक्ति की कोई जरूरत नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *