April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लाल किले की प्राचीर से पीएम नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा कवच के विस्तार का किया वादा, सुदर्शन चक्र मिशन शुरू करने का ऐलान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली के लाल किले से देश को संबोधित किया। मोदी ने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए देश की जनता को विश्वास दिलाया कि आने वाले 10 साल में 2035 तक राष्ट्र के सभी महत्वपूर्ण स्थलों जिनमें सामरिक के साथ-साथ सिविलियन क्षेत्र भी शामिल है- जैसे अस्पताल, रेलवे, आस्था के केंद्र सभी को तकनीक के नए प्लेटफॉर्म द्वारा पूरी तरह सुरक्षा का कवच दिया जाएगा। हम किसी भी हमले का सामना करने के लिए ‘राष्ट्रीय सुरक्षा कवच’ का विस्तार करेंगे। पीएम बोले, हमने भगवान कृष्ण के सुदर्शन चक्र का मार्ग चुना है। अब देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेगा। उन्होंने कहा, देश और उसके नागरिकों की सुरक्षा के लिए, हम अपनी क्षमताओं को निरंतर उन्नत करते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा, हमने दुनिया को अपनी क्षमताएँ दिखाई हैं और साबित किया है कि भारत किसी भी तरह के युद्ध का सामना करने के लिए तैयार है। हमने ऑपरेशन सिंदूर में इसका प्रदर्शन किया। पाकिस्तान ने हमारे सैन्य ठिकानों, नागरिक क्षेत्रों और हमारे मंदिरों पर हमला किया, लेकिन हमारी वायु रक्षा प्रणालियों, हमारे सुदर्शन चक्र ने उनके सभी हमलों को विफल कर दिया।

मोदी बोले, षड्यंत्र के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। यह घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, घुसपैठिए देश की बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। यह घुसपैठिए आदिवासियों को भ्रमित करके उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं, यह देश सहन नहीं करेगा। जब सीमावर्ती क्षेत्र में डेमोग्राफी में परिवर्तन होता है, तब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा होता है, देश की एकता और प्रगति के लिए संकट पैदा होता और कोई देश अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है, हमने एक ‘हाई पावर डेमोग्राफी मिशन’ शुरू करने का निर्णय किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *