श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने के लिए मथुरा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, जानिए जन्मस्थान मंदिर में किस वक्त कौन सा कार्यक्रम होगा
मथुरा। देशभर में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई जा रही है। देशभर के मंदिरों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सजाया गया है। मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान स्थित मंदिर में भी पूजन की तैयारी पूरी हो चुकी है। यहां शनिवार सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में रात 11 बजे विघ्नहर्ता माने जाने वाले श्री गणपति पूजन और नवग्रह स्थापना होगी। इसके बाद फूलों और तुलसी की पत्तियों से रात 11 बजकर 55 मिनट तक सहस्त्रार्चन किया जाएगा। रात 11 बजकर 59 मिनट पर गर्भगृह के पट बंद किए जाएंगे। फिर रात 12 बजे पट खुलेंगे और 12 बजकर 10 मिनट तक भगवान श्रीकृष्ण की आरती होगी। आरती के बाद 12 बजकर 25 मिनट तक भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का महाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद रात 12 बजकर 40 मिनट तक भगवान श्रीकृष्ण का जन्म महाभिषेक कार्यक्रम होगा। रात 12 बजकर 45 मिनट से पांच मिनट तक शृंगार आरती के बाद रात 1 बजकर 55 मिनट से 2 बजे तक शयन आरती का कार्यक्रम है।
इस बार दो दिन जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है। कुछ लोगों ने शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया था। आज मथुरा समेत कई और जगह श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की छटा है। लाखों की तादाद में देश-विदेश से भक्त श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाने के लिए मथुरा पहुंचे हैं। मथुरा नगर निगम ने भक्तों की जबरदस्त भीड़ को देखते हुए तमाम कदम उठाए हैं। मथुरा नगर निगम ने शहर में आए भक्तों को किसी भी तरह की दिक्कत से बचाने के लिए टोल फ्री नंबर 1533 और 14420 जारी किए हैं। मथुरा नगर निगम ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आने वाले श्रद्धालुओं की मदद के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। ये कंट्रोल रूम दिन-रात काम कर रहा है।
