बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने फिर किए दो बड़े एलान, उद्यमियों और सरकारी नौकरी की चाहत रखने वाले युवाओं को दिया तोहफा
पटना। बिहार में दो महीने बाद विधानसभा के चुनाव होने हैं। इससे पहले सीएम नीतीश कुमार धड़ाधड़ योजनाओं का एलान कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने बीते 24 घंटे में दो बड़े कदमों की घोषणा की है। नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार में उद्योग लगाने पर उद्यमियों को आर्थिक पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने बिहार में उद्योग लगाने वालों को कैपिटल सब्सिडी, ब्याज सब्सिडी और जीएटसी के तहत दोगुना प्रोत्साहन राशि देने का एलान किया है। नीतीश कुमार ने कहा है कि उद्योग लगाने के लिए बिहार के सभी जिलों में जमीन की व्यवस्था की जाएगा। साथ ही ज्यादा रोजगार देने वाले उद्योगों को मुफ्त जमीन देने की बात भी बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कही है। पढ़िए नीतीश कुमार ने और क्या फायदे देने की बात कही है।
इससे पहले शुक्रवार को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा था कि राज्यस्तरीय सरकारी नौकरी के लिए जो परीक्षा होती है, उसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सिर्फ 100 रुपए ही परीक्षा शुल्क देना होगा। साथ ही बिहार में चयन आयोग की प्रारंभिक परीक्षा पास कर मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क से पूरी छूट का भी एलान नीतीश कुमार ने किया था। नीतीश कुमार ने ये दावा भी किया है कि उनकी सरकार ने 50 लाख युवाओं को रोजगार दिया है और अगले 5 साल में बिहार के 1 करोड़ युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। नीतीश कुमार पहले ही बिहार युवा आयोग बनाने का एलान कर चुके हैं। साथ ही बिहार की सरकारी नौकरियों में 35 फीसदी महिलाओं को आरक्षण देने की घोषणा भी उन्होंने की थी।
बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले नीतीश कुमार ने बुजुर्गों की पेंशन में इजाफा करने की भी घोषणा की थी। साथ ही इमरजेंसी के खिलाफ आंदोलन करने वालों की पेंशन बढ़ाने का भी नीतीश कुमार ने फैसला किया है। बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में होने के आसार हैं। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सीएम नीतीश कुमार की ओर से कई और बड़ी घोषणाएं की जा सकती हैं। वहीं, मुख्य विपक्षी दल आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव भी नीतीश कुमार की ओर से हो रही घोषणाओं पर दावा कर रहे हैं कि उनके ही एलानों को मुख्यमंत्री लागू कर रहे हैं।
