रूस पर दबाव बनाने के लिए…भारत पर टैरिफ को लेकर अब व्हाइट हाउस की ओर से दी गई सफाई
नई दिल्ली। भारत पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 50 फीसदी टैरिफ लगाने का पिछले दिनों ऐलान किया था। इसके बाद से ही दुनिया भर के कई देश अमेरिका के इस कदम की निंदा कर चुके हैं। अब इस मामले में व्हाइट हाउस की तरफ से सफाई दी गई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि भारत पर अतिरिक्त टैरिफ इसलिए लगाया गया है ताकि रूस पर दबाव बनाया जा सके और यूक्रेन के साथ जारी युद्ध पर विराम लगे। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि रूस से तेल खरीदने की वजह से उन्होंने भारत पर टैरिफ लगाया है।
कैरोलिन लेविट ने कहा, अमेरिका चाहता है कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध हर हाल में खत्म होना चाहिए। इसके लिए राष्ट्रपति ट्रंप के द्वारा कुछ सख्त फैसले भी लिए गए हैं। जिसमें भारत पर अतिरिक्त टैरिफ भी शामिल है। आपको बता दें कि ट्रंप ने भारत पर पहले 25 फीसदी टैरिफ लगाने का ऐलान किया था बाद में उन्होंने 25 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ भारत पर थोप दिया। ट्रंप का कहना है कि भारत लगातार रूस से तेल खरीद रहा है और तेल के बदले जो आमदनी रूस को हो रही है उसका इस्तेमाल व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहे हैं।
हालांकि भारत अमेरिका के दोहरे रवैये के लिए उसे पहले ही आईना दिखा चुका है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि एक तरफ तो अमेरिका रूस से तेल खरीदने के लिए भारत पर टैरिफ लगा रहा है जबकि वो खुद भी रूस के साथ व्यापार कर रहा है। वहीं पीएम मोदी भी स्पष्ट कर चुके हैं कि चाहे जो भी देश के किसानों, मछुआरों और पशुपालकों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे इसके लिए कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
