April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम हो, सीएम हो या मंत्री, भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और कुर्सी भी जाएगी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो टूक

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के गया में लगभग 13 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्‍यास किया। इस दौरान पीएम ने गया और दिल्ली के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस तथा वैशाली-कोडरमा के बीच बुद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोप में लगातार 30 दिन तक जेल में रहने वाले पीएम, सीएम, मंत्रियों को पद से हटाए जाने वाले विधेयक को लेकर बात की। मोदी ने इसे लेकर आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ये आरजेडी और कांग्रेस वाले कोई बेल पर बाहर है, कोई रेल के खेल में अदालत के चक्कर लगा रहा है और जो जमानत पर घूम रहे हैं वो इस कानून का विरोध कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि अगर वे जेल चले गए, तो उनके सारे सपने चकनाचूर हो जाएंगे। इसीलिए वो सुबह-शाम मोदी को गालियां दे रहे हैं। वे इतने बौखलाए हुए हैं कि जनहित के लिए बनाए गए कानूनों का विरोध कर रहे हैं। अब भ्रष्टाचारी जेल भी जाएगा और उसकी कुर्सी भी जाएगी। भारत को भ्रष्टाचार से मुक्त होने का संकल्प देश के कोटि-कोटि लोगों का है।

मोदी बोले, ये आरजेडी वाले, कांग्रेस वाले, लेफ्ट वाले इस कानून का विरोध कर रहे हैं। यह बहुत गुस्से में हैं और कौन नहीं जानता उनको किस बात का डर है। जिसने पाप किया होता है वो अपने पाप को दूसरों से छुपाता है लेकिन खुद तो जानता ही है कि उसने क्या खेल खेला है, इन सबका भी यही हिसाब है। पीएम ने आगे कहा, इस कानून के लागू होने के बाद, चाहे वो प्रधानमंत्री हों, मुख्यमंत्री हों या कोई भी मंत्री, गिरफ़्तारी होने पर उन्हें 30 दिनों के भीतर जमानत लेनी होगी। अगर जमानत नहीं मिलती है, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना होगा।

पीएम ने कहा, आरजेडी और उसके सहयोगी दल बिहार की जनता को सिर्फ अपना वोट बैंक समझते हैं। उन्हें गरीबों के सुख-दु:ख, मान-सम्मान की कोई चिंता नहीं है। कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री ने मंच से कहा था कि वे बिहार के लोगों को अपने राज्य में घुसने नहीं देंगे, बिहार की जनता के साथ कांग्रेस के दुर्व्यवहार को देखने के बाद भी आरजेडी के लोग गहरी नींद सो रहे थे। जबकि बिहार की एनडीए सरकार कांग्रेस के इंडी गठबंधन के इस नफरती अभियान का जवाब दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *