बिहार में महागठबंधन के सीएम फेस को लेकर फंस सकता पेंच, मुकेश सहनी के बयान से लग रहे कयास
नई दिल्ली। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के महागठबंधन में शामिल दलों के नेता कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में वोटर अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में निकाली जा रही राहुल की इस यात्रा में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी समेत कई अन्य नेता शामिल हैं। अब एक तरफ तो वोटर अधिकार यात्रा के जरिए विपक्षी दल आपसी एकजुटता दिखा रहे हैं मगर ऐसा लगता है कि बिहार में विपक्ष के मुख्यमंत्री कैंडिडेट को लेकर दलों में एकराय नहीं है। मुकेश सहनी के हालिया बयान से तो इसी बात के संकेत मिल रहे हैं।
दरअसल वोटर अधिकार यात्रा के दौरान सुपौल में जब पत्रकारों ने मुकेश सहनी से तेजस्वी यादव के सीएम फेस होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने जवाब में कहा कि इसका फैसला सिर्फ कांग्रेय या राहुल गांधी नहीं करेंगे। बल्कि महागठबंधन में शामिल सभी दलों की सहमति से सीएम फेस पर फैसला लिया जाएगा। इससे पहले राहुल गांधी की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उनसे एक पत्रकार ने तेजस्वी यादव को लेकर सवाल किया था तब राहुल ने भी उस बात का स्पष्ट उत्तर नहीं दिया था।
राहुल गांधी ने भी टाल दिया था सवाल
राहुल ने पत्रकार के सवाल को टालते हुए इतना कहा था कि विपक्ष के महागठबंधन में सभी पार्टियों एकजुट हैं और मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने महागठबंधन में दरार की खबरों को नजरअंदाज कर दिया था। यही कारण है कि इस बात के कयास लगने शुरू हो गए हैं कि संभवत: तेजस्वी यादव के सीएम पद की उम्मीदवारी अभी पूरी तरह से तय नहीं है। उधर ऐसा माना जा रहा है कि पप्पू यादव भी तेजस्वी यादव को सीएम फेस बनाए जाने पर रोड़ा अटका सकते हैं। आपको बता दें कि वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त 2025 को सासाराम से हुई थी और आगामी 1 सितंबर को पटना में इसका समापन होगा।
