April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पिता के बाद अब बेटे की बारी!, ED के सामने पेश होंगे देशमुख के बेटे, हो सकती है गिरफ्तारी

नई दिल्ली। वसूली कांड में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की हिरासत में लिए गए महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें और बढ़ सकती है। दरअसल, ईडी ने अब मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल देशमुख के बेटे हृषिकेश (ऋषिकेश) देशमुख को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। आज वो (हृषिकेश) एजेंसी के कार्यलाय में पेश होंगे। बता दें, पहले ही अनिल देशमुख को गिरफ्तार कर चुकी है, देशमुख फिलहाल कोर्ट के आदेश पर 6 नवंबर तक ईडी की हिरासत में हैं।

पहले भी एजेंसी ने दो बार हृषिकेश देशमुख को तलब किया था लेकिन पिता के नक्शे कदम पर वो भी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए केंद्रीय एजेंसी के सामने पेश होने में विफल रहे थे। सोमवार को ईडी ने हृषिकेश के पिता अनिल देशमुख को 12 घंटे तक पूछताछ के बाद इस आधार पर गिरफ्तार किया था कि वह टालमटोल कर रहे थे साथ ही एजेंसी के सवालों पर जवाब नहीं दे रहे थे। यह पहली बार था जब पूर्व गृह मंत्री ईडी के अधिकारियों के सामने पेश हुए। इससे पहले ईडी की ओर से देशमुख को चार समन भेजा जा चुका था। याद हो कि ईडी ने इस मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

क्या है आरोप

जिस मामले में देशमुख के और अन्य के खिलाफ कार्यवाही हुई है वो मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह द्वारा लगभग 100 करोड़ रुपये की वसूली के आरोपों के मद्देनजर सीबीआई द्वारा मामला दर्ज करने के बाद सामने आया था। मार्च में पुलिस आयुक्त के पद से हटाए जाने के बाद परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को लिखे एक पत्र में ये आरोप लगाया था कि देशमुख ने सचिन वाझे को महानगर में बार और रेस्तरां से एक महीने में 100 करोड़ रुपये से अधिक की उगाही करने के लिए कहा था। हालांकि परमबीर सिंह के इन आरोपों को देशमुख ने खारिज कर दिया था और कहा था कि सिंह ने मुंबई पुलिस प्रमुख के पद से हटाए जाने के बाद उनके खिलाफ आरोप लगाए थे। आरोप दुर्भावनापूर्ण बयानों पर आधारित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *