April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजीव शुक्ला बने बीसीसीआई के कार्यवाहक अध्यक्ष, रोजर बिन्नी जल्द दे सकते हैं इस्तीफा

नई दिल्ली। क्रिकेट एशिया कप 2025 के शुरू होने से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में एक बड़ा बदलाव हुआ है। राजीव शुक्ला को बीसीसीआई का कार्यवाहक अध्यक्ष बना दिया गया है। शुक्ला अभी तक बीसीसीआई उपाध्यक्ष के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। माना जा रहा है कि बीसीसीआई अध्यक्ष रोजर बिन्नी जल्द ही अपने इस्तीफे का आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजीव शुक्ला बीसीसीआई के अध्यक्ष पद के चुनाव होने तक पद पर रहेंगे। बीसीसीआई अगले महीने सितंबर में अपनी वार्षिक आम बैठक (एजीएम) और अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आयोजित करेगा।

हालांकि बीसीसीआई या रोजर बिन्नी की ओर से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है कि राजीव शुक्ला को कार्यकारी अध्यक्ष क्यों बनाया गया, मगर ऐसा माना जा रहा है कि बीसीसीआई ने अपने एक नियम के चलते यह फैसला किया है। दरअसल 70 साल की उम्र पूरी करने के बाद बीसीसीआई अधिकारी को अपना पद छोड़ना पड़ता है और रोजर बिन्नी 70 वर्ष के हो चुके हैं। बता दें कि बीसीसीआई सप्रीम कोर्ट की लोढ़ा समिति की सिफारिशों के बाद तैयार किए गए संविधान के  तहत काम करता है। रोजर बिन्नी की बात करें तो उन्होंने साल 2022 में बीसीसीआई अध्यक्ष का पद संभाला था। उनसे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली साल 2019 से लेकर 2022 तक BCCI के अध्यक्ष रहे थे।

रोजर बिन्नी 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम का हिस्सा थे। BCCI अध्यक्ष पद की कमान संभालने वाले वो तीसरे पूर्व क्रिकेटर हैं। वहीं राजीव शुक्ला को दिसंबर 2020 को निर्विरोध बीसीसीआई उपाध्यक्ष चुना गया था। राजीव शुक्ला ऐसे समय में बीसीसीआई के कार्यकारी उपाध्यक्ष बनाए गए हैं जब क्रिकेट बोर्ड टीम इंडिया के लिए नए स्पॉन्सर की तलाश कर रहा है। बता दें कि ऑनलाइन मनी गेम्स पर प्रतिबंध के चलते बीसीसीआई ने ड्रीम 11 के साथ करार खत्म कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *