जांच में घिरीं बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की बेटी सुहाना, जमीन का है मामला
मुंबई। बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान एक जमीन सौदे की जांच में घिर गई हैं। न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के थाल गांव में शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने एक जमीन खरीदी। जो खेती के काम के लिए चिन्हित थी। न्यूज एजेंसी के मुताबिक शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान ने थाल गांव में जो जमीन ली, उसकी कीमत करीब 13 करोड़ रुपए है। मुंबई के कफ परेड इलाके में रहने वाले खोटे परिवार से शाहरुख खान की बेटी सुहाना ने ये जमीन खरीदी।
जानकारी के मुताबिक जमीन का सौदा 30 मई 2023 को हुआ। शाहरुख खान की बेटी ने सुहाना ने जमीन खरीद के लिए 77.46 लाख की रजिस्ट्री कराई। जानकारी के मुताबिक स्थानीय अधिकारियों ने सवाल उठाया है कि शाहरुख खान की बेटी ने खेती की जमीन खरीदने से पहले जरूरी मंजूरी ली थी या नहीं। इस बारे में जांच चल रही है। अलीबाग के तहसीलदार से सुहाना खान के जमीन सौदे पर रिपोर्ट मांगी गई है। भारत में किसान के तौर पर मान्यता के लिए खेती की जमीन होना जरूरी होता है। खसरा-खतौनी में इसके लिए जमीन की जानकारी दर्ज की जाती है। इसके अलावा लोग स्थानीय राजस्व विभाग और सरकारी पोर्टल पर जाकर किसान होने के सर्टिफिकेट का आवेदन भी कर सकते हैं।
देश के अलग-अलग राज्यों में खेती की जमीन खरीदने के अलग-अलग नियम हैं। ज्यादातर राज्यों में खेती की जमीन खरीदने के लिए किसान होने की जानकारी देनी होती है। ज्यादातर राज्यों में किसान के तौर पर चिन्हित लोग या उनके परिवार के लोगों के अलावा अन्य किसान भी इस तरह की जमीन खरीद सकते हैं। कुछ राज्यों ने स्थानीय लोगों को ही जमीन बेचने या सरकार से मंजूरी लेने जैसे नियम भी बना रखे हैं। ऐसे में खेती की जमीन खरीदने के लिए कृषि कार्य में लिप्त होने और इससे होने वाली आय के बारे में भी सबूत देना पड़ता है। अगर जांच के बाद शाहरुख खान की बेटी सुहाना के खिलाफ रिपोर्ट आई, तो इससे उनके लिए दिक्कत बढ़ सकती है।
