सलमान खान को पाकिस्तान ने घोषित किया आतंकी!, सऊदी अरब में एक्टर ने लिया था बलूचिस्तान का नाम
नई दिल्ली। बलूचिस्तान के पक्ष में बोलने पर भड़की पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने बॉलीवुड के दबंग यानी सलमान खान को आतंकवादी घोषित कर दिया है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने बलूचिस्तान प्रांत की सरकार की सिफारिश पर एक्टर सलमान खान को आतंकी घोषित करने की अधिसूचना भी जारी की है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सलमान खान के नाम को को चौथे शेड्यूल में डाला है। इस शेड्यूल में आतंकियों का नाम रखा जाता है। पाकिस्तान के एंटी टेररिज्म एक्ट के तहत चौथा शेड्यूल आता है। इसमें जिनका नाम आता है, उनके खिलाफ पाकिस्तान में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
दरअसल, सलमान खान ने बीते दिनों सऊदी अरब में हुए जॉय फोरम 2025 में हिस्सा लिया था। जिसमें सलमान खान ने बलूचिस्तान पर बयान दिया था। सलमान खान के बलूचिस्तान पर दिए बयान का वीडियो वायरल हुआ था। सलमान खान ने कहा था कि ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है। सलमान खान ने चूंकि बलूचिस्तान का नाम अलग से लिया, तो उसी पर शहबाज शरीफ सरकार भड़क गई और भारतीय एक्टर का नाम आतंकियों की लिस्ट में डाल दिया। इस बारे में अभी सलमान खान की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सलमान खान की ओर से अलग से नाम लिए जाने पर बलूचिस्तान के अलगाववादी नेता खुश दिखे थे। उन्होंने सलमान खान को धन्यवाद दिया था। बलूचिस्तान को आजाद मुल्क बनाने की मांग करने वालों में शामिल मीर यार बलूच ने कहा कि सऊदी अरब में भारतीय फिल्म जगत के दिग्गज सलमान खान ने बलूचिस्तान का उल्लेख किया। जो 6 करोड़ बलूचों के लिए खुशी की बात है। बलूच नेता ने कहा कि सलमान ने वो किया, जिसे करने से कई बड़े देश भी हिचकते हैं। बता दें कि बलूचिस्तान में विद्रोही गुट हैं। जो पाकिस्तान से आजादी के लिए लड़ रहे हैं। बलोच विद्रोही गुटों को पाकिस्तान आतंकी बताता है। पाकिस्तान ये बचकाना बयान भी देता है कि बलूचिस्तान में भारत ही हिंसा कराने का जिम्मेदार है।
