February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोयला माफियाओं पर ईडी का एक्शन, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 40 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी, भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड और पश्चिम बंगाल में कोयला माफियाओं के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। दोनों प्रदेशों में 40 से ज्यादा जगहों पर एक साथ छापा मारा गया है। यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन और उसकी तस्करी से जुड़े कई बड़े मामलों से जुड़ी है। ईडी को बड़े पैमाने पर कोयला चोरी और सरकारी राजस्व की करोड़ों रुपये की हानि की जानकारी मिली थी। एक साथ इतनी जगहों पर छानबीन के बाद प्रवर्तन निदेशालय के हाथों कुछ पुख्ता सबूत लग सकते हैं। फिलहाल पश्चिम बंगाल में रेड के दौरान भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद हुए हैं।

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा और कोलकाता जिलों में कुल मिलाकर 24 स्थानों पर छानबीन चल रही है। नरेंद्र खड़का, अनिल गोयल, युधिष्ठिर घोष, कृष्ण मुरारी कायल समेत अन्य कोयला कारोबार से जुड़े लोगों के परिसरों पर ईडी ने छापा मारा है। वहीं रांची में 18 जगहों पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यहां अनिल गोयल, संजय उद्योग, एल.बी. सिंह और अमर मंडल और अन्य के यहां छापा मारा गया है। ईडी अधिकारियों ने इससे पहले इन कोयला कारोबारियों को दिल्ली तलब किया था। छापेमारी की इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा अधिकारियों को लगाया गया है।

एक एक दस्तावेज की गहन पड़ताल की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं। तलाशी में जो भी सबूत ईडी अधिकारियों के हाथ लगेंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ईडी अधिकारियों ने सुबह 6 बजे छापेमारी की प्रक्रिया शुरू की थी जो अभी तक जारी है। एक साथ इतनी जगहों पर छापेमारी से अवैध कोयला खनन से जुड़े लोगों के हाथ पैर फूले हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही ईडी कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed