नेपाल में फिर तनाव, Gen-Z और CPN-UML कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प, प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू
नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी देश नेपाल में एक बार फिर से तनाव की स्थिति खड़ी हो गई है। कुछ समय पहले हिंसा से जूझ रहे नेपाल में अब पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी CPN-UML कार्यकर्ताओं और Gen-Z युवाओं के बीच बारा जिले के कुछ इलाकों में झड़प हो गई है। हिंसा बढ़ने की आशंका के चलते प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए कर्फ्यू लगा दिया है। हालात पर काबू रखने के लिए प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है, प्रशासन के द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
बारा जिला प्रशासन की ओर से सिमरा एयपोर्ट के 500 मीटर के दायरे में दोपहर 12:30 बजे से रात 8:00 बजे तक कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। आगे जैसी भी स्थिति होगी उसी को देखते हुए कर्फ्यू में ढील देने या उसे आगे बढ़ाने पर फैसला किया जाएगा। दरअसल बुद्ध एयरलाइंस के विमान से सीपीएन-यूएमएल महासचिव शंकर पोखरेल और पार्टी के युवा नेता महेश बसनेत काठमांडू से सिमरा जाने वाले थे। इन दोनों नेताओं को वहां सरकार विरोधी रैली को संबोधित करना था। जैसे ही यह बात Gen-Z युवाओं को पता चली बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी एयरपोर्ट पर इकट्ठा हो गए। यहां पर सीपीएन-यूएमएल के कार्यकर्ता भी मौजूद थे, इसी दौरान Gen-Z और सीपीएन-यूएमएल के कार्यकर्ता आमने सामने आ गए और उनमें भिड़ंत हो गई।
पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों के लोगों को वहां से भगाया। बुद्ध एयरलाइंस ने काठमांडू-सिमरा की अपनी सभी घरेलू उड़ानों को रद्द कर दिया है। झड़प की घटना के चलते सीपीएन-यूएमएल के दोनों नेता शंकर पोखरेल और महेश बसनेत को वापस लौटना पड़ा। याद दिला दें कि Gen-Z प्रदर्शनकारियों के हिंसक प्रदर्शन के चलते ही नेपाल में पिछले दिनों सरकार गिर गई थी और केपी शर्मा ओली को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
