February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए डॉ. प्रेम कुमार का निर्विरोध चुना जाना तय, विपक्ष ने नहीं उतारा उम्मीदवार

नई दिल्ली। बिहार विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री डॉ. प्रेम कुमार ने नामांकन पत्र भर दिया है। इसी के साथ उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय हो गया है क्योंकि विपक्ष की ओर से किसी कैंडिडेट ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की अंतिम तिथि आज 3 बजे तक की थी जिसका समय अब पूरा हो चुका है। कल यानी मंगलवार को प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव की अध्यक्षता में विधानसभा में स्पीकर का औपचारिक निर्वाचन होगा। चुनाव के बाद ही यह तय माना जा रहा था कि बीजेपी स्पीकर पद अपने पास रखेगी।

स्पीकर पद के लिए प्रेम कुमार के नाम की चर्चा पहले से ही चल रही थी। प्रेम कुमार का नाम बिहार में बीजेपी के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में आता है। प्रेम कुमार गया टाउन, यानी गयाजी शहरी क्षेत्र से विधायक हैं। उनके पास सरकार और संगठन दोनों में रहकर काम करने का अच्छा खासा अनुभव है। वो गया जी से 9वीं बार के विधायक हैं। 1990 से अब तक हर चुनाव में उनकी जीत हुई है। 2015 के चुनाव के बाद वे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। उनके लंबे तर्जुबे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी ने उनको चुना।

बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने कहा कि मुझे किसी पद की लालसा नहीं है, जो भी काम सरकार और संगठन द्वरा दिया जाता है उसे मैं पूरी ईमानदारी से करता हूं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का मंदिर है और यहां सभी दलों के नेताओं के सम्मान का ध्यान रखा जाएगा। सदन सुचारू रूप से चले यह हम सबकी जिम्मेदारी है, सभी को अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। बता दें कि आज से बिहार विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो गया है। पांच दिनों तक चलने वाले इस विशेष सत्र में आज पहले दिन प्रोटेम स्पीकर ने नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed