February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केरल सीएम पिनराई विजयन समेत KIIFB अधिकारियों को ईडी का नोटिस, मसाला बॉन्ड से जुड़ा है मामला

नई दिल्ली। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से नोटिस भेजा गया है। केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) से जुड़े 466.91 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी के मामले फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (FEMA) के तहत यह नोटिस जारी हुआ है। ईडी ने KIIFB के शीर्ष अधिकारियों सीईओ के.एम. अब्राहम और वाइस चेयरमैन टी.एम. थॉमस इसाक को भी शो कॉज नोटिस जारी किया है। केरल इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड (KIIFB) केरल सरकार के अंतर्गत आने वाली एक वित्तीय संस्था है जिसका गठन साल 1999 में हुआ था, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन इसके चेयरमैन हैं।

ईडी के मुताबिक केरल इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट फंड बोर्ड ने लंदन और सिंगापुर स्टॉक एक्सचेंज में मसाला बॉन्ड जारी कर 2672.80 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह रकम ईसीबी यानी बाहरी वाणिज्यिक ऋण के तहत ली गई थी। इस रकम में से 466.91 करोड़ रुपये जमीन खरीद में खर्च किए गए, जोकि कानूनन अपराध है। बता दें कि मसाला बॉन्ड भारत के बाहर जारी किये जाने वाले वो बॉन्ड होते हैं जिन्हें स्थानीय मुद्रा के बजाय भारतीय मुद्रा में जारी किया जाता है। इन बॉन्ड के जरिए जो रकम जुटाई जाती है उसको लेकर कुछ विशेष प्रावधान हैं।

दरअसल, भारतीय रिजर्व बैंक के नियमानुसार मसाला बॉन्ड से जुटाई गई रकम से जमीन नहीं खरीदी जा सकती है। यह सीधे तौर पर आरबीआई के मास्टर डायरेक्शन 2016, सर्कुलर 2015 और 1 जून 2018 के निर्देशों का उल्लंघन है। इसी आधार पर फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट के तहत प्रवर्तन निदेशालय ने ने 27 जून 2025 को शिकायत दर्ज की थी। बाद में इस केस को संज्ञान में लेने के बाद अडजुडिकेटिंग अथॉरिटी ने 12 नवंबर को नोटिस जारी किए। हालांकि केरल सरकार शुरू से ही इस मामले में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से साफ इनकार करती आ रही है। सरकार का कहना है कि मसाला बॉन्ड के जरिए जुटाई गई रकम को किसी भी प्रकार से गलत तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed