नरेंद्र मोदी-व्लादिमीर पुतिन की फोटो दिखाकर अमेरिकी संसद में विपक्षी सांसद ने डोनाल्ड ट्रंप पर साधा निशाना
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन हाल ही में दो दिवसीय दौरे पर भारत आए थे। पीएम नरेंद्र प्रोटोकॉल तोड़कर अपने दोस्त पुतिन को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसके बाद मोदी और पुतिन एक ही कार से पीएम हाउस तक गए थे जहां मोदी ने रूसी राष्ट्रपति के लिए विशेष डिनर रखा था। मोदी और पुतिन के बीच की इस बॉन्डिंग की चर्चा दुनिया भर की मीडिया की सुर्खियों में रही। अब अमेरिकी संसद में भी यह मामला उठा। दरअसल अमेरिका में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद कामलागर-डोव ने मोदी और पुतिन की एक साथ कार में बैठे हुए ली गई सेल्फी को दिखाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर निशाना साधा।
सिडनी की सांसद कामलागर-डोव ने कहा कि ये महज एक तस्वीर नहीं, यह हजारों शब्द कहती कहानी है। अमेरिका ही भारत को रूस की ओर धकेल रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों की वजह से अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी कमजोर हो रही है। ट्रंप की नीतियां अपना नुकसान करके दूसरों को सबक सिखाने जैसी हैं। विपक्षी सांसद ने आगे कहा कि आप हमारे रणनीतिक साझेदारों को विरोधियों के करीब धकेलकर नोबेल शांति पुरस्कार नहीं जीत सकते। दबाव बनाने वाला साझेदार होने की एक कीमत चुकानी पड़ती है। यह अमेरिका के लिए जागने का समय है। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रंप प्रशासन की ओर से ऐसे प्रयास करने चाहिए जिससे अमेरिका और भारत की साझेदारी को हुए नुकसान को कम किया जा सके।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगा रखा है। यह टैरिफ उन्होंने इसलिए लगाया क्योंकि अमेरिकी दबाव के बावजूद भारत रूस से कच्चा तेल खरीद रहा है। ट्रंप को लग रहा था शायद टैरिफ लगाने से भारत झुक जाएगा मगर पीएम नरेंद्र मोदी स्पष्ट शब्दों में कह चुके हैं कि देश और अपने लोगों के हितों की रक्षा उनके लिए सर्वोपरि है इससे किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं करेंगे।
