April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने मोदी सरकार की जमकर की तारीफ, बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साध कहा- ये एक और जख्म

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के सीएम और नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला के एक बयान को आधार बनाकर बीजेपी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उमर अब्दुल्ला ने द इंडियन एक्सप्रेस के कार्यक्रम में कहा था कि जम्मू-कश्मीर का ज्यादा राजस्व नहीं है। अगर केंद्र की मोदी सरकार चाहती, तो वो राज्य सरकार को घुटनों पर ला सकती थी। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मोदी सरकार ने ऐसा नहीं किया। उसने प्रावधान न होने के बावजूद पिछले साल जम्मू-कश्मीर को तय बजट से ज्यादा फंड भी दिया। उमर अब्दुल्ला के इस बयान पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि ये विपक्षी गठबंधन के लिए एक और जख्म है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके दावों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। बीजेपी प्रवक्ता ने जो वीडियो शेयर किया, उसमें आप सुन सकते हैं कि उमर ने मोदी सरकार की किस तरह तारीफ की।

उमर अब्दुल्ला ने इससे पहले ईवीएम में गड़बड़ी के राहुल गांधी और कुछ विपक्षी दलों के आरोपों को भी गलत बताया था। उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि उनके पिता फारुक अब्दुल्ला ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों को सही मानते हैं। उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि वो नहीं मानते कि ईवीएम में कोई गड़बड़ी है। उमर अब्दुल्ला ने ये भी कहा था कि विपक्ष का इंडी गठबंधन चलने की हालत में नहीं है। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उमर अब्दुल्ला की सरकार में कांग्रेस का कोई विधायक नहीं है। इससे कयास लगते रहे हैं कि उमर अब्दुल्ला और कांग्रेस के बीच सबकुछ ठीक नहीं है।

हाल के दिनों में विपक्ष और यहां तक कि कांग्रेस के भीतर से भी राहुल गांधी के लिए मुश्किल भरे बयान आते रहे हैं। शरद पवार की बेटी और एनसीपी गुट की सांसद सुप्रिया सुले ने लोकसभा में कहा कि वो ईवीएम के खिलाफ नहीं हैं। सुप्रिया सुले ने बयान में कहा कि वो खुद 4 बार ईवीएम से ही जीतकर सांसद बनी हैं। सुप्रिया ने कहा था कि अगर ईवीएम में गड़बड़ी की जांच हो, तो उनसे ही शुरु कराई जाए। वहीं, यूपीए सरकार में कानून मंत्री रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार ने राहुल गांधी की ओर से लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों पर सवाल खड़े किए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *