आर्टिकल 370 की दीवार गिराने का बीजेपी को गर्व, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के उद्घाटन पर बोले पीएम नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। यहां पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा स्थापित की गई हैं। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित नरेंद्र मोदी ने कहा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश को दिशा देने निर्णायक भूमिका निभाई है। ये डॉ. मुखर्जी ही थे जिन्होंने भारत में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान के विधान को खारिज कर दिया था। आजादी के बाद भी जम्मू कश्मीर में यह व्यवस्था भारत की अखंडता के लिए बहुत बड़ी चुनौती थी। बीजेपी को गर्व है कि हमारी सरकार को आर्टिकल 370 की दीवार गिराने का अवसर मिला। आज भारत का संविधान जम्मू-कश्मीर में भी पूरी तरह से लागू है।
मोदी ने कहा, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नींव रखी थी। उन्होंने देश को पहली औद्योगिक नीति दी, यानी भारत में औद्योगीकरण की नींव की बुनियाद रखी थी। आज, हम उसी आत्मनिर्भरता के मंत्र को नई बुलंदी दे रहे हैं। मेड इन इंडिया सामान आज पूरी दुनिया में पहुंच रहा है। यहां उत्तर प्रदेश में ही ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ का बड़ा अभियान चल रहा है। छोटे उद्योगों और छोटी यूनिट्स की क्षमता बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश में एक बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बनाया जा रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल, जिसकी ताकत दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देखी थी, अब लखनऊ में बन रही है। वह दिन दूर नहीं जब उत्तर प्रदेश का डिफेंस कॉरिडोर डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग के लिए दुनिया भर में जाना जाएगा।
पीएम बोले, दशकों पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय का सपना देखा था। उनका मानना था कि भारत की प्रगति का पैमाना अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के चेहरे की मुस्कान से मापा जाए। दीनदयाल जी के सपने को मोदी ने अपना संकल्प बनाया है। आज लखनऊ की भूमि एक नई प्रेरणा की साक्षी बन रही है। जिस जमीन पर यह प्रेरणा स्थल बना है, उसकी 30 एकड़ से भी ज्यादा जमीन पर पहले कूड़े का पहाड़ बना हुआ था। पिछले तीन वर्षों में इसे पूरी तरह समाप्त किया गया। इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी श्रमिकों, कारीगरों, योजनाकारों, योगी जी और उनकी पूरी टीम को मैं बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
