February 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आप नेताओं सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के तीन नेताओं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, बुराड़ी से विधायक संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन सभी पर ईसाइयों से जुड़ी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। अधिवक्ता खुशबू जॉर्ज ने आप नेताओं के खिलाफ दिल्ली पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। दरअसल यह पूरा मामला एक वीडियो को लेकर शुरू हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार 17 और 18 दिसंबर को इन आप नेताओं ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स से एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में ईसाई धर्म के पवित्र प्रतीक सांता क्लॉज का अपमान किया गया।

शिकायतकर्ता ने कहा कि वीडियो में सांता क्लॉज को सड़क पर बेहोश होकर गिरते हुए दिखाया गया और राजनीतिक संदेश देने के लिए सांता क्लॉज को एक प्रॉप की तरह इस्तेमाल किया गया। वीडियो में नकली सीपीआर करते हुए सांता क्लॉज का मजाक बनाया गया। साथ ही सांता क्लॉज को मास्क पहने हुए दिखाया गया। यह वीडियो कनॉट प्लेस में आयोजित एक राजनीतिक स्किट का हिस्सा था। इससे ईसाई धर्म के लोगों को मानने वालों की भावनाएं आहत हुईं।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि क्रिसमस पर्व से पहले जानबूझकर यह कृत्य किया गया। राजनीतिक लाभ के लिए ईसाईयों के पवित्र प्रतीक का उपहास किया गया और ईसाई धर्म के लोगों की आस्था को चोट पहुंचाई गई। शिकायतकर्ता के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 और 302 के तहत सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और आदिल अहमद खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए सबूत जुटाए जा रहे हैं। केस की जांच पूरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के इन तीनों नेताओं के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *