बिहार में वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी सरकार, सीएम नीतीश कुमार ने की घोषणा
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को घर पर ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की घोषणा की है। सरकार की इस सुविधा के चलते बुजुर्गों को अपने इलाज के लिए अस्पतालों में भटकना नहीं पड़ेगा। राज्य के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत के समय उनके घर पर नर्सिंग सहायता की सुविधा, पैथोलॉजी जांच की सुविधा, ब्लड प्रेशर और ईसीजी जांच की सुविधा, फिजियोथेरेपी की सुविधा तथा आपातकालीन स्थिति में सभी प्रकार की चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना को लागू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।
वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए उन्हें और क्या-क्या सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसको लेकर सरकार ने नागरिकों से सुझाव भी मांगे हैं। जो भी लोग अपने विशिष्ट सुझाव देना चाहते हैं वो नीचे दिए क्यूआर कोड को स्कैन करके अथवा पत्र या ईमेल आईडी के माध्यम से दे सकते हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए एक्स पोस्ट पर लिखा, 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से हमारी की सरकार बनी तब से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए हमलोगों ने समाज के सभी वर्ग के लोगों के उत्थान एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। हमने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है और सबके मान और सम्मान का पूरा ख्याल रखा है।
अब राज्य में समाज के हर वर्ग के लोग सम्मान के साथ आसानी से जीवन व्यतीत कर सकें इसे लेकर हमलोगों ने गंभीरता से कार्य प्रारंभ कर दिया है। हमलोगों ने वर्ष 2025 से 2030 के लिए राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) का उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना तथा उनके जीवन को और भी आसान बनाना है।
