महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों की वोटिंग से पहले बीजेपी नीत महायुति के 68 प्रत्याशी निर्विरोध जीते
मुंबई। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगम के लिए 15 जनवरी को वोटिंग होनी है। इससे पहले ही सत्तारूढ़ बीजेपी नीत महायुति ने जीत का खाता खोल दिया है। बीजेपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की महायुति के 68 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। महायुति के प्रत्याशियों की जीत इस वजह से हुई, क्योंकि संबंधित वार्डों में विपक्ष समेत अन्य प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस ले लिया।
जानकारी के मुताबिक बीजेपी के 44 पार्षद जीते हैं। जबकि, शिवसेना के 22 प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। वहीं, अजित पवार के 2 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए हैं। महाराष्ट्र के कल्याण-डोंबिवली नगर निगम में बीजेपी के 14 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इसके अलावा भिवंडी, पनवेल, जलगांव में बीजेपी के 1-1 प्रत्याशी चुने गए हैं। धुले में बीजेपी के 4 और अहिल्यानगर नगर निगम में 3 उम्मीदवार जीते हैं। पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ में भी बीजेपी के 2-2 प्रत्याशी विजयी रहे हैं। वहीं, ठाणे नगर निगम में एकनाथ शिंदे की शिवसेना के 7, जलगांव में 6 और कल्याण-डोंबिवली में 6 उम्मीदवार ने जीत हासिल की। अहिल्यानगर में अजित पवार की एनसीपी के 2 प्रत्याशी जीते। मालेगाव में एक स्थानीय इस्लामी पार्टी का उम्मीदवार भी जीता है।
अपने 68 प्रत्याशी निर्विरोध जीतने से बीजेपी नीत महायुति के हौसले निश्चित तौर पर बुलंद होने वाले हैं। बीते दिनों ही महाराष्ट्र के नगर पंचायत और म्यूनिसिपल काउंसिल चुनावों में महायुति ने जबरदस्त जीत हासिल की थी। इससे पहले महायुति ने 2024 में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी, कांग्रेस और शरद पवार के एनसीपी गुट को जोरदार शिकस्त दी थी। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निगम चुनावों के नतीजे 16 जनवरी को आएंगे। महायुति का दावा है कि वो विपक्ष की महाविकास आघाड़ी को फिर जोरदार पटकनी देने वाली है। महाविकास आघाड़ी में से शरद पवार ने पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम के लिए भतीजे अजित पवार से हाथ मिला लिया है। इसका नतीजा भी विपक्ष के गठबंधन पर पड़ सकता है।
