बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी, बंगाली भाषा में भेजा गया व्हाट्सएप मैसेज
नई दिल्ली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ की सरधना विधानसभा से बीजेपी के पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। उनके सरकारी मोबाइल नंबर आज सुबह धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। यह व्हाट्सएप मैसेज बंगाली भाषा में था। संगीत सोम ने मेरठ पुलिस को इस पूरे मामले से अवगत कराया और धमकी भेजने वाले के व्हाट्सएप नंबर की जानकारी दी, साथ ही धमकी भरे मैसेज के स्क्रीन शॉट भी पुलिस के साथ शेयर किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संगीत सोम को भेजे गए धमकी भरे मैसेज में एक न्यूज चैनल को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है।
संगीत सोम पिछले कुछ दिनों से खासे चर्चा में हैं। दरअसल आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के द्वारा बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को लिए जाने का संगीत सोम ने विरोध किया था। उन्होंने टीम के ओनर बालीवुड अभिनेता शाहरूख खान को निशाने पर लेते हुए उनको गद्दार तक कह दिया था। संगीत सोम ने धमकी दी थी कि वो बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने नहीं देंगे। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद बीसीसीआई के आदेश पर केकेआर ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को टीम से बाहर कर दिया है। संगीत सोम को मिली धमकी को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
पुलिस की सर्विलांस टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भरा यह मैसेज कहां से भेजा गया है। आपको बता दें कि संगीत सोम को बीजेपी के तेजतर्रार और कट्टर हिंदू वाले नेताओं के तौर पर जाना जाता है। संगीत सोम अक्सर अपने किसी बयान को लेकर खबरों में बने रहते हैं। संगीत सोम को धमकी मिलने के बाद उनके समर्थक काफी गुस्से में हैं। हालांकि मेरठ पुलिस की तरफ से फिलहाल इस मामले में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
