April 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मौसम विभाग ने 10 राज्यों में भीषण शीतलहर की चेतावनी दी, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश से कांपेंगे मैदानी इलाके

नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड अभी जाने वाली नहीं है। मौसम विभाग ने एक बार फिर कई राज्यों के लिए शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों में अगले पांच दिन और ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालय में गिरी बर्फ के कारण उधर से आने वाली हवा मैदानी इलाके में कड़ाके की ठंड बढ़ा रही हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि रविवार तक लोगों को उत्तर भारत के राज्यों में भीषण शीतलहर का सामना करना होगा। सुबह और रात में काफी ठंड महसूस होने की भविष्यवाणी भी मौसम विभाग ने की है।

मौसम विभाग ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर में चिल्ला कलां चल रहा है। इस दौरान राज्य में काफी ठंड हो गई है। श्रीनगर में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 21.7 डिग्री नीचे है। जम्मू-कश्मीर के पड़ोस राज्य हिमाचल प्रदेश में भी न्यूनतम तापमान काफी कम दर्ज किया जा रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के भी ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास है। मैदान में राजस्थान के चुरु और हरियाणा के हिसार में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री के बीच देखा जा रहा है।

मौसम विभाग ने ताजा भविष्यवाणी में बताया है कि अगले कुछ दिन 10 से ज्यादा राज्यों में शीतलहर और घना कोहरा होगा। मौसम विभाग के मुताबिक 17 से 20 जनवरी तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश के हालात बन सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में भी हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, यूपी के बाकी हिस्सों, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश के उत्तरी और मध्यवर्ती इलाकों में भी तेज ठंड का सामना करना होगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि शीतलहर से बच्चों और बुजुर्गों को सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी इस बार भी अब तक सटीक निकली है। मौसम विभाग ने पहले ही बताया था कि 2025 के दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *