बांग्लादेश के समर्थन में उतरा पाकिस्तान, आईसीसी को चिट्ठी लिख भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच न खेलने के फैसले को सही बताया
नई दिल्ली। बांग्लादेश अड़ा हुआ है कि वो भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच नहीं खेलेगा। बांग्लादेश का कहना है कि भारत में उसके क्रिकेटरों की सुरक्षा को खतरा है और आईसीसी मैच वेन्यू श्रीलंका कर दे। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को आईसीसी के अफसरों ने समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वो मान नहीं रहा। अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) भी बांग्लादेश के साथ खड़ा हो गया है। पीसीबी ने आईसीसी को ई-मेल भेजकर कहा है कि बांग्लादेश का रुख सही है।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो ने अपनी खबर में बताया है कि पीसीबी ने कहा है कि भारत में मैच न खेलने का बांग्लादेश का रुख सही है। पीसीबी ने अपने ई-मेल में आईसीसी के सभी बोर्ड मेंबर को भी शामिल किया है। बांग्लादेश की मांग पर आईसीसी के बोर्ड की आज अहम बैठक होने वाली है। आईसीसी के सूत्रों ने पहले बताया था कि टी20 वर्ल्ड कप होने में कम दिन बचे हैं, ऐसे में बांग्लादेश के मैच वेन्यू भारत से श्रीलंका शिफ्ट करना संभव नहीं है। इसमें लॉजिस्टिकल दिक्कतें है। बांग्लादेश की क्रिकेट टीम को भारत में टी20 वर्ल्ड कप के चार मैच खेलने हैं। इनमें से एक मैच कोलकाता में रखा गया है।
हुआ यूं कि बांग्लादेश में हिंदुओं की लगातार हत्या से लोग भड़के हुए हैं। बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को शाहरुख खान की आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) में रखा गया था। मुस्तफिजुर को केकेआर में रखने का जमकर विरोध हुआ। जिसके बाद बीसीसीआई ने शाहरुख खान की टीम केकेआर से कहा कि वो बांग्लादेश के क्रिकेटर को रिलीज कर दे। इसके बाद ही बांग्लादेश की सरकार और बीसीबी ने भारत में मैच न खेलने का फैसला कर दिया। जबकि, भारत में किसी ने ऐसा बयान नहीं दिया है, जिससे लगे कि बांग्लादेश की क्रिकेट टीम को भारत में खतरा हो सकता है। वहीं, बांग्लादेश सरकार ने भी एलान किया है कि वो अपने मुल्क में आईपीएल के मैच प्रसारित नहीं करने देगी। अब सबकी नजर इस पर है कि आईसीसी क्या फैसला करती है और अगर टी20 वर्ल्ड कप के बांग्लादेश के मैच भारत में ही रखना तय हुआ, तो क्या पड़ोसी देश इस फैसले को मानेगा?
