यूएई ने पाकिस्तान को दिया झटका, राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने कैंसिल कर दी एयरपोर्ट डील
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात ने पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया है। राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने पाकिस्तान के साथ होने वाली एयरपोर्ट डील को रद्द कर दिया है। यूएई पाकिस्तान के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक रहा है। पाकिस्तान को यूएई से अच्छा खासा निवेश मिलता है ऐसे में अब एयरपोर्ट डील कैंसिल होने से पाकिस्तान को बड़ा नुकसान होगा। पाकिस्तान और यूएई के बीच अगस्त 2025 में हुई एयरपोर्ट डील के तहत इस्लामाबाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का संचालन यूएई करने वाला था मगर अब यह डील कैंसिल हो गई है।
इस डील के कैंसिल होने को यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के हालिया भारत दौरे से जोड़कर भी देखा जा रहा है। बता दें कि 19 जनवरी को यूएई के राष्ट्रपति महामहिम शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान अचानक भारत पहुंचे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर खुद यूएई के राष्ट्रपति का स्वागत करने खुद एयरपोर्ट गए थे। इसके बाद मोदी यूएई के राष्ट्रपति को अपने साथ कार में लेकर आए थे। यूएई के राष्ट्रपति के इस दो घंटे के भारत दौरे के दौरान यूएई और भारत के बीच रणनीतिक रक्षा समझौता समेत कई अन्य समझौते भी हुए।
पाकिस्तान के अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने यूएई के साथ एयरपोर्ट डील रद्द होने की पुष्टि की है। हालांकि पाकिस्तानी मीडिया ने इस डील के कैंसिल होने के पीछे राजनीतिक कारणों से इनकार किया है। इस डील के रद्द होने की प्रमुख वजह सऊदी अरब और यूएई के बीच यमन में जारी टकराव को माना जा रहा है। पाकिस्तान ने सऊदी अरब के साथ रक्षा समझौता किया है और यह भी इस डील के रद्द होने का एक प्रमुख कारण हो सकता है। इसके अलावा पाकिस्तान ने सऊदी अरब और तुर्की के साथ मिलकर इस्लामी नाटो बनाने की इच्छा जताई है, यह भी एक कारण हो सकता है।
