February 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चार दिन में ही सीजफायर के लिए गिड़गिड़ाने लगा था पाकिस्तान, ऑपरेशन सिंदूर पर स्विस रिपोर्ट में किया गया दावा

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत यह कई बार स्पष्ट कर चुका है कि कैसे पाकिस्तान सिर्फ चार दिनों में सीजफायर के लिए भारत के आगे गिड़गिड़ाने लगा था। पाकिस्तान के डीजीएमओ ने भारत से युद्धविराम का आग्रह किया और इसके बाद भारत ने अपनी शर्तों पर सीजफायर किया। भारत के इस दावे की अब एक स्विस रिपोर्ट ने भी पुष्टि की है। स्विट्जरलैंड में सेंटर फॉर मिलिट्री हिस्ट्री एंड पर्सपेक्टिव स्टडीज की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान सिर्फ चार दिन में ही घुटनों पर आ गया था। स्विस थिंक टैंक ने 7 से 10 मई 2025 के बीच हुए 88 घंटे के भारत-पाकिस्तान हवाई युद्ध की पूरी एनालिसिस के बाद अपनी रिपोर्ट तैयार की है।

वरिष्ठ सैन्य इतिहासकार एड्रियन फोंटानेलाज ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पहलगाम में हुए हमले के बाद 7 मई की अलसुबह भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। भारत ने अपनी सेना को पहलगाम आतंकी हमले का जवाब देने और प्लानिंग करने की पूरी छूट दी थी। पाकिस्तान ने जब भारत पर हमला किया तो भारत की जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के मुख्य एयर बेस पर हमले करने शुरू कर दिए। ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों से पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को काफी नुकसान पहुंचा था और आकाश, बराक-8 और S-400 जैसे एयर मिसाइल डिफेंस सिस्टम के जरिए भारत ने पाकिस्तानी हमलों को विफल किया। इसका नतीजा यह हुआ कि शुरू में अपनी जीत का दावा करने वाला पाकिस्तान भारत से सीजफायर की मांग करने लगा।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय मीडिया का पूरा ध्यान भारत के एक राफेल विमान के गिर जाने की खबर पर था और उस एक घटना ने भारत की असली जीत को छिपा दिया। जबकि हकीकत यह थी कि भारत ने पूरी योजना के साथ पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम पर हमला किया और उसे भारी नुकसान पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed