बीसीबी ने तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट बताने वाले नजमुल इस्लाम को फिर पद सौंपा, बांग्लादेश के क्रिकेटरों में घोर नाराजगी
ढाका। बांग्लादेश के क्रिकेट खिलाड़ियों के घोर नाराज होने की खबर है। वजह एम. नजमुल इस्लाम को एक बार फिर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के वित्त विभाग का प्रमुख बनाया जाना है। नजमुल इस्लाम को बांग्लादेश के क्रिकेटरों के विरोध के बाद बीसीबी ने सभी पदों से हटाया था। बांग्लादेश के अखबार द डेली स्टार ने खबर दी है कि एक क्रिकेटर ने तंज कसते हुए कहा कि ये तो अच्छी खबर है। वहीं, एक और क्रिकेटर ने कहा कि सभी समझ सकते हैं कि यहां कैसी चीजें हो रही हैं।
बीते दिनों बीसीबी में बड़ा पद रखने वाले नजमुल इस्लाम ने बांग्लादेश के नामचीन क्रिकेटर तमीम इकबाल पर विवादित टिप्पणी कर दी थी। जिसके बाद बांग्लादेश के क्रिकेटर नाराज हुए थे और बीसीबी से नजमुल इस्लाम को हटाने की मांग की थी। नजमुल इस्लाम ने क्रिकेटर तमीम इकबाल को भारत का एजेंट कह दिया था। क्योंकि तमीम इकबाल ने कहा था कि भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच न खेलने का बांग्लादेश का फैसला लेने की जगह संयमित रुख अपनाना चाहिए। नजमुल इस्लाम ने जब तमीम इकबाल के खिलाफ बयान दिया, तो बांग्लादेश क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने उसकी कड़ी निंदा भी की थी।
नजमुल इस्लाम सिर्फ बांग्लादेश के क्रिकेटर तमीम इकबाल को भारत का एजेंट बताकर ही विवाद में नहीं घिरे थे। टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के न खेलने पर जब क्रिकेटरों के भुगतान के मसले पर सवाल उठा, तो नजमुल ने कहा था कि क्रिकेटरों को पैसा नहीं मिलना चाहिए। बीसीबी अधिकारी नजमुल इस्लाम ने कहा था कि बांग्लादेश के क्रिकेटरों ने अब तक आईसीसी का कोई टूर्नामेंट नहीं जीता है। बांग्लादेश के क्रिकेटर जब भड़के, तो बीसीबी ने नजमुल को पदों से हटाते हुए कारण बताओ नोटिस दिया था। अब नजमुल को एक बार फिर बीसीबी ने पद पर बिठा दिया है। ऐसे में सवाल ये है कि बीसीबी आखिर चाहता क्या है? पहले ही आईसीसी ने बीसीबी के अड़ियल रुख के कारण बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को ले लिया है।
