May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

सोने और चांदी ने फिर बनाया रिकॉर्ड, दोनों धातुओं की कीमत जान आपके उड़ेगे होश!

नई दिल्ली। चांदी और सोने ने गुरुवार 29 जनवरी को भाव का नया रिकॉर्ड बनाया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स में चांदी मार्च वायदा में 403800 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। इसमें 18434 रुपए यानी 4.78 फीसदी की बढ़त हुई। वहीं, एमसीएक्स पर सोना भी 8.46 फीसदी की बढ़त के साथ 179569 रुपए प्रति 10 ग्राम के रेट पर पहुंच गया। सोने में 14031 रुपए की बढ़ोतरी हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो वहां सोना 5600 डॉलर प्रति औंस पर है। जबकि, चांदी के भाव 120 डॉलर हो गए हैं। ऐसे में सोने और चांदी की कीमत ने आपके होश जरूर उड़ा दिए होंगे!

रूस और यूक्रेन युद्ध जारी है। इसके अलावा अमेरिका के फेडरल रिजर्व ने 28 जनवरी को ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। जबकि, उम्मीद ये थी कि फेडरल रिजर्व रेट में और कमी करेगा। इसके अलावा पांच देशों की मुद्रा के मुकाबले डॉलर के भाव में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। इन्हीं सब वजहों से अंतरराष्ट्रीय के साथ भारत में सोने और चांदी की कीमत में लगातार इजाफा हो रहा है। चीन की ओर से चांदी के एक्सपोर्ट पर लगाई गई पाबंदी की वजह से भी चांदी की बाजार में कमी है और इससे उसकी कीमत में लगातार उछाल दर्ज किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में चांदी और सोने की कीमत में कोई गिरावट नहीं आने वाली है। इससे सर्राफा बाजार में खरीदारी करने वाले आम लोगों के लिए मुश्किल बढ़ी है।

सोने और चांदी के भाव में जनवरी 2025 से ही बढ़ोतरी शुरू हुई थी। बीते साल दिवाली से पहले सोने ने लगातार रेट का रिकॉर्ड बनाया था। फिर धनतेरस से दो दिन पहले सोना और चांदी सस्ते हुए थे। इसके बाद से सोना और चांदी फिर महंगे होने शुरू हुए और अब चांदी और सोना एक बार फिर नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। इसके अलावा गोल्ड ईटीएफ और सिल्वर ईटीएफ भी लगातार बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि सोना और चांदी की बढ़ती कीमत को थामने के लिए बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कुछ उपायों का एलान कर सकती हैं। इन उपायों में से एक सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाना भी है। अभी सोने और चांदी पर छह फीसदी कस्टम ड्यूटी लगती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *