‘अमेरिका से व्यापार समझौते में कृषि और डेयरी क्षेत्र का हित सुरक्षित रखने में भारत कामयाब’, संसद में बोले वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल
नई दिल्ली। मोदी सरकार ने अमेरिका से हुए व्यापार समझौते के बारे में आज संसद में बयान दिया। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में कहा कि पीएम मोदी की फरवरी 2025 की अमेरिका यात्रा के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार समझौते पर गहन बातचीत हुई। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत अपने संवेदनशील पक्षों की रक्षा करने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से कई बार बातचीत की। जिसके बाद अमेरिका ने भारत पर लगे 50 फीसदी टैरिफ को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। जो कई देशों पर लगे टैरिफ से कम है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कृषि और डेयरी क्षेत्र में हम भारत के हित सुरक्षित रखने में कामयाब हुए। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका एक-दूसरे की पूरक अर्थव्यवस्था हैं। अमेरिका डेटा और ऊर्जा क्षेत्र का अग्रणी देश है। हमारे लिए इन क्षेत्रों पर ध्यान देना जरूरी है। केंद्रीय मंत्री ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा कि कई क्षेत्रों में अमेरिका को भारत का निर्यात काफी बढ़ने वाला है। उन्होंने कहा कि ये भारत के हित में है और देश को बहुत फायदा देगा। पीयूष गोयल ने कहा कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्था से व्यापार समझौता नवाचार को भी गति देगा।
दरअसल, 2 फरवरी की रात ट्रंप ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। ट्रंप ने पोस्ट में दावा किया था कि भारत के बाजारों में अमेरिका का कृषि उत्पाद भी बिकेगा। इस पर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने भारत के किसानों और डेयरी क्षेत्र के लिए मुश्किल खड़ी करने वाला व्यापार समझौता किया है। इस पर मंगलवार को ही पीयूष गोयल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि किसानों और डेयरी उत्पादकों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला व्यापार समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने आज संसद में बयान देकर इसकी और तस्दीक कर दी है।
