यूपी में चाइनीज मांझे से हुई मौत को माना जाएगा हत्या, सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर में छापेमारी अभियान चलाने और एक्शन लेने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे की वजह से बढ़ते हादसों पर बेहद नाराजगी जताई हैं। उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि प्रदेश में अगर चाइनीज मांझे की वजह से किसी की जान गई तो उसे दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला चलेगा। योगी ने अफसरों से पूछा कि बैन के बावजूद बाजार में चाइनीज मांझा कैसे बिक रहा है। उन्होंने चाइनीज मांझे की बिक्री और उसके भंडारण पर पूरी तरह रोक लगाने का आदेश देते हुए सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस अभियान की उच्च स्तर पर नियमित समीक्षा भी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर इससे जुड़े लोगों पर त्वरित हो और दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मोहम्मद शोएब नाम के युवक की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई थी जिसमें उनकी मौत हो गई।
यह घटना उस वक्त हुई जब शोएब बाइक से अपने ऑफिस के काम से जा रहे थे तभी चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में फंस गया और उनके गले की नस कट गई। शोएब बाइक से गिर गए और उनका शरीर लहूलुहान हो गया। वो सड़क पर पड़े तड़पते रहे तभी राहगीरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ मगर उनको बचाया नहीं जा सका। शोएब की पत्नी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इससे पहले भी चाइनीज मांझे की वजह से कई लोगों की जान जा चुकी है। पिछले एक साल में प्रदेश में चाइनीज मांझे की वजह से अलग अलग दुर्घटनाओं में 8 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
