गाजियाबाद में नाबालिग लड़कियों की आत्महत्या में ऑनलाइन कोरियन गेम वजह नहीं!, पुलिस को जांच में मिली ये जानकारी
गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले के साहिबाबाद में तीन नाबालिग लड़कियों की एक साथ खुदकुशी से सनसनी है। 16 साल, 14 साल और 12 साल की लड़कियों ने भारत सिटी सोसाइटी की नौवीं मंजिल से मंगलवार रात कूदकर जान दी थी। इस मामले में गाजियाबाद पुलिस की जांच जारी है। न्यूज चैनल आजतक के मुताबिक पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन गेम की वजह से तीनों लड़कियों ने आत्महत्या नहीं की। आत्महत्या की वजह दूसरी है।
चैनल ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि ऑनलाइन कोरियन लव गेम में सुसाइड करने का कोई चैलेंज नहीं मिला है। आत्महत्या करने वाली लड़कियों के मोबाइल फोन या डायरी के पन्नों में भी इस तरह के किसी गेम टास्क की जानकारी नहीं है। पुलिस का मानना है कि डिजिटल कंटेंट की लत और उससे अचानक बनी दूरी के कारण शायद तीनों लड़कियों ने खुदकुशी कर ली। पुलिस को 18 पेज की डायरी मिली है। तीनों लड़कियों ने अपनी बातें इसमें लिखी हैं। चैनल को पुलिस सूत्रों ने बताया कि आत्महत्या करने वाली लड़कियों ने डायरी में लिखा है कि वे कोरियन संस्कृति से बहुत प्रभावित थीं और उससे दूर नहीं रह पाती थीं।
डायरी में कई जगह कोरियन कल्चर, के-पॉप, कोरियन म्यूजिक, कोरियन मूवीज वगैरा लिखा है। एक जगह लड़कियों ने ‘वी लव कोरियन कल्चर’ भी लिखा है। गाजियाबाद पुलिस की जांच में पता चला है कि माता-पिता ने लड़कियों से मोबाइल ले लिया था। जिसकी वजह से शायद उनका मानसिक तनाव बढ़ गया। मोबाइल न होने से वे खुद को बहुत अकेला महसूस करने लगीं। कोरोना के बाद से लड़कियां स्कूल भी नहीं जाती थीं। आत्महत्या करने वाली तीनों लड़कियां घर से कम ही निकलती थीं। उनका कोई सामाजिक दायरा भी नहीं था। वे ज्यादातर कमरे में ही रहती थीं। उन्होंने अपने कमरे की दीवार पर ‘आई एम रियली वेरी अलोन…माई लाइफ इज वेरी-वेरी अलोन’ लिख रखा था। इन लड़कियों के पिता चेतन कुमार ने दो शादी की थी। उनके घर में दोनों पत्नियां और पांच बच्चे रहते थे।
