सिंधु जल समझौता स्थगित करने के बाद अब मोदी सरकार का पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका, जम्मू-कश्मीर में इस अहम प्रोजेक्ट का टेंडर किया जारी
रामबन (जम्मू-कश्मीर)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार ने पाकिस्तान से हुए सिंधु जल समझौता को स्थगित कर दिया था। अब मोदी सरकार ने पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका दिया है। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में चिनाब नदी पर सावलकोट बांध बनाने के लिए टेंडर जारी किया है। केंद्र सरकार के नवरत्न एनएचपीसी ने ये टेंडर जारी किया है। टेंडर जिस कंपनी के पक्ष में जाएगा, उसे सावलकोट प्रोजेक्ट के तहत डायवर्जन टनल, एडिट्स, कॉफर डैम, एक्सेस टनल, सड़कों वगैरा का निर्माण भी करना होगा।
सावलकोट बांध से 1856 मेगावाट बिजली बनेगी। साथ ही चिनाब नदी के पानी का सिंचाई के काम में इस्तेमाल भी होगा। जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सावलकोट का बांध 5129.03 करोड़ में बनना है। इस बांध को तैयार करने के लिए नौ साल का वक्त तय किया गया है। चिनाब नदी पर ये सबसे बड़े पनबिजली प्रोजेक्ट में से एक है। सावलकोट बांध बनने पर रामबन और आसपास के इलाकों में रोजगार के मौके पैदा होंगे। साथ ही इलाके में बुनियादी ढांचे का विकास होगा। इससे इलाके के लोग आर्थिक तौर पर भी मजबूत होंगे।
मोदी सरकार का ये प्रोजेक्ट पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि सिंधु जल समझौता लागू रहने के दौरान भारत को जम्मू-कश्मीर से गुजरने वाली हर नदी पर बांध बनाने के लिए पड़ोसी दुश्मन देश की मंजूरी चाहिए होती थी। पाकिस्तान लगातार कह रहा है कि वो सिंधु जल समझौते के उल्लंघन को युद्ध के तौर पर लेगा, लेकिन मोदी सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पड़ोसी देश को दिखा दिया है कि भारत की सेना किस तरह उसे पस्त कर सकती है। पाकिस्तान सिंधु जल समझौता स्थगित करने का मसला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठा रहा है, लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी साफ कह चुके हैं कि आतंकवाद के जरिए बेगुनाहों का खून बहाने वाले पाकिस्तान को पानी नहीं दिया जा सकता।
