बांग्लादेश ने स्पाइसजेट के विमानों को अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने पर लगाई रोक
नई दिल्ली। स्पाइसजेट के विमान फिलहाल बांग्लादेश के एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। भारत की बजट एयरलाइन कंपनी पर एयर नेविगेशन चार्ज बकाया है और इस वजह से बांग्लादेश की सरकार ने स्पाइसजेट को अपने हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से रोक दिया है। बांग्लादेशी एयरस्पेस तक एक्सेस उपलब्ध न होने के चलते स्पाइसजेट की कुछ फ्लाइट्स को लंबे रूट का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कोलकाता से गुवाहाटी और इंफाल जाने वाले जहाजों को वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। भविष्य में यदि इसी प्रकार की स्थिति बनी रही तो फ्यूल की खपत और ऑपरेटिंग खर्च थोड़ा बढ़ सकता है।
हालांकि विमानों के वैकल्पिक रूट से परिचालन का यात्रियों पर सीधा तौर पर कोई असर नहीं पड़ा है। स्पाइसजेट के प्रवक्ता की ओर से इस संबंध में बयान जारी किया गया है। इसमें उन्होंने बताया है कि एयरलाइन कंपनी इस मामले को सुलझाने के लिए बांग्लादेशी अथॉरिटीज के साथ संपर्क में है। नेविगेशन से जुड़े चार्जेज सहित ऑपरेशनल और प्रोसिजरल मामलों पर संबंधित अथॉरिटीज के साथ रेगुलर बातचीत हो रही है। कंपनी का कहना है कि यह एयरलाइन इंडस्ट्री के रेगुलर मामले हैं और जल्द से जल्द इसके समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है।
विमानन कंपनी ने बताया कि हमारे फ्लाइट ऑपरेशन पर कोई इसका असर नहीं पड़ा है और रेगुलेटरी जरूरतों के मुताबिक कंपनी अपनी शेड्यूल्ड सर्विसेज को ऑपरेट कर रही है। एयरलाइन कंपनी पर कितना चार्ज बकाया है इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है। आपको बता दें कि स्पाइसजेट फिलहाल घाटे में है। कंपनी ने हाल ही में दिसंबर 2025 की तिमाही में 269.27 करोड़ रुपये का घाटा दिखाया था और इसका कारण बढ़ते हुए खर्च, ज्यादा लागत को बताया था। वहीं बीएसई में आज दोपहर के कारोबार के दौरान स्पाइसजेट के शेयर में लगभग एक फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
