सुनेत्रा पवार चुनी गईं एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पार्टी कार्यकारिणी बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय
नई दिल्ली। महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार को एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज हुई बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा जिस पर सभी ने सर्वसम्मति से सहमति जता दी। 28 जनवरी को विमान हादसे में अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने अब पूरी तरह से उनकी जगह संभाल ली है। सुनेत्रा को 31 जनवरी को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी और अब पार्टी की कमान भी उनके हाथों में आ गई है।
अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के सामने नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे में अजित पवार के राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में सुनेत्रा पवार के साथ साथ अजित पवार के दोनों बेटों का भी लिया जा रहा था। हालांकि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने कहा था कि सुनेत्रा पवार के नाम पर ही पार्टी में बिना विरोध आम सहमति बन सकती है और ऐसा हुआ भी। आपको बता दें कि पहले ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि संभवत: एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय हो जाएगा और एक बार फिर शरद पवार पूरी पार्टी की कमान संभालेंगे।
वहीं खुद शरद पवार ने भी दोनों पार्टियों के विलय की बात करते हुए कहा था कि अजित पवार ने पार्टी के विलय की इच्छा जताई थी और उनकी इच्छा के अनुरूप ऐसा हो जाना चाहिए। मगर अजित पवार के धड़े वाली एनसीपी नेताओं ने सुनेत्रा को पहले डिप्टी सीएम बनाया और फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर शरद पवार की एनसीपी से विलय की संभावना को एक तरह को खारिज कर दिया है। एनसीपी सांसद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। इसका बैठक में मौजूद सभी लोगों ने समर्थन किया।
