कोलकाता में भूकंप के तेज झटके, दहशत में घरों और ऑफिसों से बाहर निकले लोग, जानिए कितनी थी तीव्रता?
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई। दोपहर तकरीबन 1 बजकर 22 मिनट पर अचानक जमीन हिलने लगी जिसके बाद लोग डर गए और अपने घरों तथा ऑफिसों से निकलकर सड़क पर आ गए। हालांकि कहीं से किसी प्रकार के जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। लोगों ने भूकंप से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। इन वीडियो में सड़क पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। इस भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में 35 किमी. की गहराई पर था।
जिस वक्त यह भूकंप आया केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने और सभा में मौजूद अन्य लोगों ने भी झटके महसूस किए। उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें पोडियम पर लगे माइक और रिकॉर्डिंग कैमरे को हिलते हुए देखा जा सकता है। भूकंप के झटके काफी देर लोगों ने महसूस किए। लोगों के घरों के पंखे, टीवी, फ्रिज, फर्नीचर और अन्य सामान हिलने लगे। लोग तुरंत अपने घरों से निकलकर खाली जगह की ओर दौड़े। झटकों के शांत हो जाने के बावजूद लोग अभी भी दहशत में हैं।
कोलकाता के पुराने इलाकों में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा डरे हुए हैं क्योंकि वहां सालों पुरानी इमरातों में बहुत सी जर्जर है। पिछले कुछ समय में कोलकाता में जो भी भूकंप के झटके आए उसमें आज का यह सबसे तगड़ा झटका है। इससे पहले सिक्किम में भी आज सुबह 4 बजकर 10 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई थी।
