February 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

1 मार्च से रेलवन एप और सिम बाइंडिंग समेत लागू होंगे कई नियम, जानिए और क्या होंगे बदलाव?

नई दिल्ली। हर महीने की शुरुआत में कुछ न कुछ बड़े बदलाव होते हैं। इन बदलावों का आपकी जिंदगी पर असर पड़ता है। 1 मार्च 2026 से भी कई बदलाव होने जा रहे हैं। जिनका असर देखा जाएगा। बड़ा बदलाव ट्रेन टिकट की ऑनलाइन बुकिंग का है। 1 मार्च से रेलवे पुराना यूटीएस और आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट एप बंद करने जा रहा है। अब ट्रेनों के लिए ऑनलाइन जनरल टिकट और रिजर्वेशन आईआरसीटीसी की वेबसाइट के अलावा RailOne एप से होगा। रेलवन एप से रेलवे की अन्य सेवाएं जैसे ट्रेनों की आवाजाही वगैरा भी पता की जा सकती है। इसलिए अगर आप मोबाइल से ट्रेन टिकट खरीदते हैं, तो रेलवन एप आज ही डाउनलोड कर लें।

इसके अलावा 1 मार्च 2026 से मैसेजिंग एप्स जैसे वाट्सएप, टेलीग्राम वगैरा के लिए भी नियमों में बदलाव किया जा रहा है। अपने फोन पर अगर आपको वाट्सएप या टेलीग्राम जैसे एप चलाने हैं, तो उनसे सिम का लिंक होना जरूरी किया गया है। बिना सिम लिंक किए इन मैसेजिंग एप का इस्तेमाल नहीं हो सकेगा। इसे सिम बाइंडिंग का नाम दिया गया है। साथ ही अगर आप लैपटॉप या कम्प्यूटर में वाट्सएप चलाते हैं, तो हर 6 घंटे बाद वो खुद ब खुद लॉगआउट हो जाएगा। जिसके बाद आपको फिर से लॉगइन करना होगा। सरकार का कहना है कि फर्जी अकाउंट और डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए ये नियम लाया गया है।

1 मार्च 2026 से कुछ बैंक भी मिनिमम बैलेंस नियम में बदलाव कर सकते हैं। साथ ही कुछ बैंकों के क्रेडिट कार्ड नियम भी बदलने के आसार हैं। इनके अलावा हर महीने की तरह एलपीजी, सीएनजी, पीएनजी और एयरक्राफ्ट टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की दरों में भी बदलाव हो सकता है। बीते काफी समय से पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत नहीं बढ़ाई है। कॉमर्शियल रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में हालांकि इजाफा होता रहा है। जिससे होटल, रेस्तरां, मिठाई की दुकान करने वालों को ज्यादा रकम चुकानी होती है। इस तरह 1 मार्च से अहम बदलाव आपकी जिंदगी पर असर डालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *