नीतीश कुमार के बेटे निशांत की जल्द शुरू होगी राजनीति पारी, बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा ऐलान
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। इस पर अब जेडीयू नेता और बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने बड़ा बयान दिया है। होली के अवसर पर मैं यह बताना चाहता हूं कि निशांत कुमार की बहुत जल्द राजनीति में एंट्री होने वाली है और उनकी सक्रिय राजनीति में एंट्री होगी। प्रदेश के जो युवा लंबे समय से यह मांग कर रहे हैं कि निशांत कुमार राजनीति में आएं उनकी इच्छा अब जल्द ही पूरी होगी। इसी के साथ श्रवण कुमार ने निशांत कुमार को राजनीति में उज्जवल के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
श्रवण कुमार ने कहा कि निशांत कुमार राजनीति में आएंगे, उनका आना तय है। वो युवा हैं और उनके आगे अपार संभावनाएं हैं। जब वो राजनीति में आएंगे तो हमारी पार्टी नेता उनकी जिम्मेदारी तय करेंगे। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि निशांत के राजनीति में आने से कुछ लोग असहज भी हैं मगर यह उन लोगों का विषय है। वहीं इस संबंध में जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार का कहना है कि निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में आएं यह जेडीयू के सामाजिक समूह का समर्थन और बिहार के आम अवाम की यह सद्इच्छा है। संस्कार, पढ़ाई, लिखाई इन तमाम मुद्दों पर अगर राजनैतिक संदर्भ देखा जाए तो निशांत अपरहेड में हैं।
जेडीयू प्रवक्ता ने आगे कहा, निशांत के राजनीति में आने के कयास अब कयास नहीं रह गए क्योंकि पार्टी के कई बड़े नेता इस संबंध में बयान दे चुके हैं। अब इस दिशा में एक सार्थक पहल पार्टी नेतृत्व को तय करना है। आपको बता दें कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार फिलहाल राजनीति से दूर हैं हालांकि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि जेडीयू उनको चुनाव मैदान में उतार सकती है मगर ऐसा हुआ नहीं। अब एक बार फिर निशांत के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है।
